रायपुर, 10 नवम्बर 2026
उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा आज गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर कबीरधाम जिले के कवर्धा नगर में आयोजित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विंध्यवासिनी वार्ड क्रमांक 27 स्थित रेवाबांध तालाब पहुंचकर गौरा-गौरी के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। यहां गौरा-गौरी बारात का आयोजन किया गया था। बारात को देखकर उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा भी उसमें शामिल हो गए। उन्होंने भक्ति गीत गाए और जयकारे लगाकर श्रद्धा एवं उत्साह के साथ पर्व मनाया। इसके बाद वे मठपारा पहुंचे, जहां उन्होंने गौरा-गौरी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कवर्धा स्थित अपने निवास में भी सपरिवार गोवर्धन पूजा की। इस अवसर पर उन्होंने गौमाता की पूजा कर उन्हें प्रसाद खिलाया। निवास पर उनसे मिलने पहुंचे नागरिकों से उन्होंने आत्मीय मुलाकात की और सभी को दीपावली एवं गोवर्धन पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इसके पश्चात उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा कैलाश नगर और कमला क्लिनिक के पास स्थित दैहान पहुंचे, जहां गोवर्धन पूजा के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। उन्होंने कैलाश नगर में आयोजित पूजा कार्यक्रम में शामिल होकर पूरे भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की और गौवंश को भोजन कराया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों के साथ पर्व की खुशियां भी साझा कीं।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पारंपरिक राउत नाचा की प्रस्तुति शुरू की। राउत नाचा देखकर उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा भी खुद को रोक नहीं सके और ग्रामीणों के साथ नृत्य में शामिल हो गए। उन्होंने सभी के साथ पारंपरिक नाचा का आनंद लिया। गोवर्धन पूजा के अवसर पर उनके इस सहज और उत्साहपूर्ण सहभागिता ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।
