रायपुर, 27 सितंबर 2026
बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों का हाल जानने और राहत व्यवस्था का जायजा लेने राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने लखना, बेमता और बलौदीखुर्द गांवों का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ है। मंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं आपदा प्रबंधन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

दौरे के दौरान श्री वर्मा ने बाढ़ के पानी से हुए नुकसान का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से फसल, मकान, पशुधन और अन्य नुकसान की जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि प्रभावित परिवारों को असहाय नहीं रहने दिया जाएगा। फसल, मकान और जन-धन के नुकसान का त्वरित एवं निष्पक्ष आकलन कराया जा रहा है, ताकि नियमानुसार राहत और सहायता जल्द उपलब्ध कराई जा सके।
राजस्व मंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ शुद्ध पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था निर्बाध रूप से बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने फसल क्षति, मकानों और पशुधन को हुए नुकसान का पारदर्शी सर्वे शीघ्र पूरा करने को कहा, ताकि राहत और मुआवजा वितरण में अनावश्यक देरी न हो।

बाढ़ के बाद संभावित संक्रामक बीमारियों को देखते हुए मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित गांवों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने और आवश्यक कीटनाशक का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राहत कार्यों में किसी तरह की लापरवाही न बरतने और प्रभावित लोगों की जरूरतों के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मंत्री के सीधे गांवों में पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात करने और उनकी समस्याएं सुनने पर लखना, बेमता और बलौदीखुर्द के ग्रामीणों ने आभार जताया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ राजस्व एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
