बिलासपुर , 11 नवंबर 2026। स्वच्छता और बेहतर नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में प्रथम स्थान हासिल कर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। वहीं, ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में बिलासपुर नगर निगम ने राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य में प्रथम पुरस्कार मिला है।
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा तथा संबंधित नगरीय निकायों के महापौरों और आयुक्तों ने पुरस्कार ग्रहण किए। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू भी उपस्थित रहे।
नगर पंचायत बिल्हा की उपलब्धि विशेष रूप से उल्लेखनीय है। 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान प्राप्त कर बिल्हा ने यह साबित किया है कि बेहतर योजना, प्रभावी प्रबंधन और नागरिकों की सहभागिता से छोटे नगरीय निकाय भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयासों ने इस उपलब्धि को संभव बनाया है।
इसी तरह बिलासपुर नगर निगम को ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में देशभर में दूसरा स्थान मिला है। वहीं राजधानी रायपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रदेश के तीनों नगरीय निकायों को मिले इन सम्मानों से छत्तीसगढ़ में स्वच्छता व्यवस्था और नगरीय सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, संबंधित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ को मिला राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के शहरों की बदलती तस्वीर और स्वच्छता के प्रति नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है। बिल्हा का देश में प्रथम स्थान प्राप्त करना, बिलासपुर का स्वच्छ नदी तटवर्तीय श्रेणी में द्वितीय स्थान हासिल करना और रायपुर का राज्य में अग्रणी रहना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल स्वच्छता की रैंकिंग में आगे बढ़ना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की आदत और हर शहर की पहचान बने। जनभागीदारी, आधुनिक नगरीय सुविधाओं और प्रभावी प्रबंधन के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को सम्मानित किया जाना छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मान नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बिल्हा जैसे छोटे नगर का राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करना अन्य नगरीय निकायों के लिए भी प्रेरणादायक है।
स्वच्छ सर्वेक्षण के माध्यम से देशभर के शहरों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता, नागरिक सहभागिता और नगरीय निकायों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाता है। छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों को मिले राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नगरीय सेवाओं के विस्तार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करते हैं।
समारोह में रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे, बिलासपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती पूजा विधानी, नगर पंचायत बिल्हा की अध्यक्ष श्रीमती वंदना जेंड्रे, राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) के मिशन डायरेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुमीत अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा तथा बिलासपुर नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
