रायपुर, 27 सितम्बर 2026
सेवा संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ जिले के सेक्टर किरोड़ीमल स्थित आंगनबाड़ी केंद्र चिरईपानी में 26 सितंबर को ‘आंगन मिलन सेवा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच एवं उपसरपंच मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन के दौरान पोषण, स्वास्थ्य और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से समुदाय को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में मुनगा के पौधे रोपकर की गई। इस दौरान मुनगा के पोषण महत्व की जानकारी देते हुए लोगों को अपने घरों में भी इसके पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। पौधरोपण के साथ पोषण जागरूकता को जोड़ते हुए दैनिक आहार में पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने का संदेश दिया गया।
आंगन मिलन सेवा में पौष्टिक थाली के माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को बताया गया कि स्वस्थ जीवन के लिए दैनिक भोजन में विभिन्न पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों को शामिल करना आवश्यक है। बच्चों और महिलाओं के पोषण पर विशेष ध्यान देने के लिए भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में बच्चों के लिए कहानी प्रतियोगिता और बाल गीत का आयोजन किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों के सेवा योगदान को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें नारियल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बच्चों के लिए नेवता भोज का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पोषण शपथ लेकर बच्चों और परिवारों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।
आंगन मिलन सेवा के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान के तहत पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश लोगों तक पहुंचाने के साथ आंगनबाड़ी केंद्र को समुदाय से जोड़ने की पहल की गई। मुनगा रोपण, पौष्टिक आहार की जानकारी, बच्चों की रचनात्मक गतिविधियों और सेवाभावी कार्यकर्ताओं के सम्मान के जरिए समुदाय की भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया गया।
