कोरबा, 11 नवंबर 2026। कोरबा विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और नगरीय विकास को गति देने के उद्देश्य से लगभग पौने चार करोड़ रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कोरबा शहर के मोतीसागरपारा में आयोजित कार्यक्रम में उद्योग मंत्री एवं कोरबा विधायक श्री लखन लाल देवांगन ने मुख्य अतिथि के रूप में विकास कार्यों की आधारशिला रखी। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने की। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में सड़क, सामुदायिक भवन और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा तथा नागरिकों को बेहतर सहूलियत मिलेगी।
भूमिपूजन के तहत वार्ड क्रमांक 7 के धनुहार मोहल्ला में जयसिंह सनवाल के घर से तारा चंद्र श्रीवास के घर तक 7 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण किया जाएगा। वहीं वार्ड क्रमांक 8 के सीतामणी मोतीसागरपारा में 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनाया जाएगा। इसी वार्ड में पूर्व पार्षद बंशीलाल महिलांगे के घर के सामने से कुष्ठ आश्रम एवं प्राथमिक शाला जाने वाले मुख्य मार्ग पर 8 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा सामुदायिक भवन के निर्माण से सामाजिक और सार्वजनिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
इसके अलावा सीबीडी प्लांट एरिया, बरबसपुर में 2 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके अंतर्गत सीसी रोड, रिटेनिंग वॉल, बॉक्स कलवर्ट, पीचिंग, बोरवेल, पीएंडएफ और हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत संरचना मजबूत होगी और आवागमन के साथ प्रकाश व्यवस्था में भी सुधार होगा।
पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी महत्वपूर्ण कार्यों की शुरुआत की गई है। वार्ड क्रमांक 10 के वैष्णो दरबार रेलवे लाइन बस्ती में 20 लाख 98 हजार रुपये की लागत से डीआई मुख्य पाइपलाइन को 150 मिमी व्यास की वितरण पाइपलाइन से जोड़ने और उसके विस्तार का कार्य किया जाएगा। वहीं वार्ड क्रमांक 14 में ओचटी के पीछे से अमरावपारा एवं रेलवे कॉलोनी तक 38 लाख 23 हजार रुपये की लागत से 450 मिमी व्यास की मुख्य पाइपलाइन से वितरण पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इन कार्यों के पूरा होने से संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बेहतर बनाने और कम दबाव की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि कोरबा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सामुदायिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कर धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और क्षेत्र तक पहुंचाना सरकार का संकल्प है।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, पार्षद श्रीमती रूबी देवी सागर सहित अन्य पार्षदगण और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
