कांकेर, 11 नवम्बर 2026
उत्तर बस्तर कांकेर जिले में रासायनिक उर्वरकों के वितरण को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल (एफएफएस) प्रणाली लागू कर दी गई है। इस नई व्यवस्था के तहत अब किसानों को अपनी आवश्यकता के अनुसार एफएफएस मोबाइल ऐप के माध्यम से पहले उर्वरक की बुकिंग करनी होगी। बुकिंग के बाद प्राप्त क्यूआर कोड अथवा टोकन के आधार पर किसान संबंधित उर्वरक विक्रय केंद्र से खाद प्राप्त कर सकेंगे।
नई प्रणाली के अंतर्गत किसान अपनी चयनित फसल और बोए गए अथवा प्रस्तावित रकबे के आधार पर निर्धारित अनुशंसित मात्रा में उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। इससे खाद वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और अनावश्यक भंडारण, कालाबाजारी तथा वितरण में होने वाली अनियमितताओं पर नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही उर्वरक विक्रय केंद्रों पर लगने वाली भीड़ और अव्यवस्था से भी किसानों को राहत मिलेगी।
एफएफएस प्रणाली के माध्यम से किसानों की पहचान, भूमि और फसल संबंधी जानकारी के आधार पर उनकी उर्वरक आवश्यकता का सत्यापन किया जाएगा। उर्वरक की बिक्री के दौरान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पॉश मशीन में बिक्री से संबंधित जानकारी भी दर्ज की जाएगी। इससे वितरण व्यवस्था की निगरानी और उर्वरकों की उपलब्धता एवं बिक्री का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने में सहायता मिलेगी।
कृषि विभाग ने जिले की सभी सहकारी समितियों और निजी उर्वरक विक्रेताओं को एफएफएस प्रणाली के तहत उर्वरक विक्रय करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपने मोबाइल फोन में एफएफएस ऐप डाउनलोड कर अपनी जरूरत के अनुसार खाद की बुकिंग करें।
किसान अब घर बैठे मोबाइल ऐप के माध्यम से उर्वरक बुक कर सकेंगे। इसके बाद प्राप्त क्यूआर कोड आधारित टोकन दिखाकर नजदीकी सहकारी समिति अथवा निजी उर्वरक विक्रय केंद्र से अपनी फसल के लिए आवश्यक खाद प्राप्त कर सकेंगे। नई व्यवस्था का उद्देश्य किसानों को सुविधाजनक तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराने के साथ ही वितरण प्रणाली को पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है।
