मुख्यमंत्री ने कोरबा की बेटी से फोन पर की आत्मीय बातचीत, कहा- उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए बनेगी प्रेरणा
रायपुर, 26 सितंबर 2026
जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम के स्वर्ण पदक जीतने के बाद छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी की उपलब्धि की प्रदेशभर में चर्चा है। कोरबा जिले की रहने वाली और भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य संजू देवी से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने फोन पर बातचीत कर उन्हें इस शानदार सफलता के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि संजू देवी ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल के दम पर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व किया। एशियन गेम्स जैसे बड़े मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता में छत्तीसगढ़ की बेटी की भागीदारी प्रदेश के लिए विशेष गौरव का विषय है।
भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। टीम ने फाइनल में ईरान को हराकर खिताब जीता। इससे पहले भारतीय टीम ने ग्रुप चरण में बांग्लादेश, ईरान और जापान के खिलाफ जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। संजू देवी ने टीम के अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। संजू देवी की सफलता उन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश तथा प्रदेश का नाम रोशन करने का सपना देखते हैं।
श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण, बेहतर अवसर और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों में मौजूद प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराना सरकार के प्रयासों में शामिल है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
उल्लेखनीय है कि संजू देवी को 2025 महिला कबड्डी विश्व कप में भी भारतीय टीम की महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में शामिल किया गया था। एशियन गेम्स 2026 में भी उन्होंने भारतीय महिला टीम के स्वर्ण पदक अभियान में योगदान दिया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने भारतीय महिला कबड्डी टीम की सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी स्वर्णिम सफलता पर बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि भारतीय खिलाड़ी आने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपने प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ाते रहें।
