रायपुर, 17 सितंबर 2026
जांजगीर-चांपा जिले में हसदेव नदी के कुदरी बैराज तट पर गुरुवार शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने सेवा, सुशासन और जनभागीदारी का संदेश दिया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों दीप एक साथ प्रज्ज्वलित किए गए, जिससे नदी तट का पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारी-कर्मचारियों ने दीप जलाकर सेवा, विकास और जनकल्याण के संकल्प में सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में बनाई गई आकर्षक रंगोली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसमें ‘विकसित भारत 2047’ और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े संदेशों को रंगों के जरिए उकेरा गया। रंगोली के बीच प्रज्ज्वलित ‘आशीर्वाद का दीया’ ने आयोजन को खास स्वरूप दिया। हसदेव नदी के शांत तट पर दीपों की रोशनी और रंगोली के माध्यम से विकास, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में शामिल ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के उद्देश्यों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने सेवा और सुशासन की भावना को मजबूत करने के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की बात कही।
इस अवसर पर इंजी. मंजूषा पाटले, श्री सुशील सिंह, श्री सतीश शर्मा, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री सुधीर सुखदेव, तहसीलदार श्री शशिभूषण सोनी, एसडीओ श्री रविकांत तथा ग्राम पंचायत कुदरी के सरपंच प्रतिनिधि श्री आर.के. यादव सहित अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के दौरान सेवा, जनकल्याण, जनजागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को सामूहिक सहभागिता के लिए जोड़ा जा रहा है। कुदरी बैराज तट पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ भी इसी जनभागीदारी की एक तस्वीर बना।
