रायपुर, 17 सितंबर 2026
सेवा, सुशासन और जनभागीदारी के संदेश के साथ मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। शाम 7 बजे जिलेभर के चिन्हित स्थलों पर एक साथ 1.25 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। जिला मुख्यालय मोहला के मिनी स्टेडियम से लेकर विकासखंड मुख्यालयों, गांवों और सार्वजनिक स्थलों तक दीपों की रोशनी ने पूरे जिले में उत्सव और सामूहिक सहभागिता का माहौल बना दिया।

जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में करीब 11 हजार दीप जलाए गए। राजनांदगांव लोकसभा सांसद श्री संतोष पांडे ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह, जनपद अध्यक्ष श्रीमती गैंद कुंवर ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री उज्ज्वल पोरवाल, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, शासकीय कर्मचारी, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम स्थल पर छत्तीसगढ़ के नक्शे की आकर्षक रंगोली भी बनाई गई, जिसने लोगों का ध्यान खींचा। रंगोली के जरिए प्रदेश की एकता और सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया गया। इसके साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को उत्सवी रंग दिया।
सांसद श्री संतोष पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालने के बाद से प्रधानमंत्री लगातार जनता की सेवा और विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। उनके अनुसार विकास के साथ गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण को भी प्राथमिकता दी गई है।

श्री पांडे ने महिला सशक्तिकरण की पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘लखपति दीदी’ जैसे प्रयासों से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने और ‘ड्रोन दीदी’ जैसी पहल के माध्यम से महिलाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, किसान कल्याण, युवा शक्ति और जनभागीदारी से जुड़े प्रयासों में समाज की सक्रिय भूमिका विकास को व्यापक आधार देती है।
उन्होंने कहा कि जिलेभर में एक साथ जले दीप सेवा, समर्पण, आशा और संकल्प के प्रतीक हैं। जब सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों में नागरिकों की भागीदारी जुड़ती है, तो यह प्रयास सामूहिक अभियान का रूप लेता है। उन्होंने लोगों से जरूरतमंदों की सहायता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह ने ‘आशीर्वाद का दीया’ को जिलेवासियों की एकजुटता और सामूहिक संकल्प का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि एक साथ प्रज्ज्वलित किए गए दीप सेवा, सुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश देते हैं।

जिले के मानपुर विकासखंड में इंद्रप्रस्थ स्टेडियम और अंबागढ़ चौकी में शिवनाथ नदी घाट सहित विभिन्न चिन्हित स्थलों पर भी एक साथ दीप जलाए गए। शहरी चौक, ग्राम पंचायतों, सरकारी कार्यालयों और मोहल्लों में नागरिकों ने उत्साह से भाग लिया। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के आवासों, अमृत सरोवर, पंचायत भवन, पीडीएस भवन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
कई लोगों ने अपने घरों, दुकानों और आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप जलाकर अभियान से जुड़ाव दिखाया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूहों की दीदियों, शासकीय कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की भागीदारी से कार्यक्रम जिलेभर में व्यापक जनसहभागिता का स्वरूप लेता नजर आया। दीपों की रोशनी के बीच सेवा, सुशासन और जनकल्याण के सामूहिक संकल्प का संदेश जिले के शहरों से लेकर गांवों तक पहुंचा।
क्रमांक-8143/आर्य/गोपाल
