रायपुर, 17 सितंबर 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बस्तर जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत भव्य दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। जगदलपुर के ऐतिहासिक मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने दीप जलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर जिलेभर में सात लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत सवा लाख दीप जलाए गए। वहीं जगदलपुर शहर में ढाई लाख से अधिक और ग्रामीण क्षेत्रों में करीब साढ़े चार लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर सहित शहर और गांवों में सेवा, संकल्प और जनभागीदारी का संदेश दिखाई दिया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर की जनता ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी कृतज्ञता और आशीर्वाद व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि बस्तर को नक्सलवाद की चुनौती से बाहर निकालकर शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ाने में सुरक्षा बलों के साथ स्थानीय जनता का सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा है।

बस्तर में आए बदलाव का उल्लेख करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक बारूद की गंध से घिरे रहे क्षेत्र में अब महुआ की महक और पारंपरिक मेलों-मड़इयों की रौनक लौट रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अब अधिक बेखौफ होकर अपने आराध्य देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना और पारंपरिक आयोजनों में हिस्सा ले पा रहे हैं।
श्री शर्मा ने सुरक्षा बलों के योगदान और नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में मिली सफलता का उल्लेख किया। उन्होंने झीरम के शहीदों को न्याय दिलाने के प्रयासों की भी जानकारी दी और कहा कि पुराने मामलों से जुड़ी जानकारी संकलित कर पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने देश में वर्ष 2014 के बाद हुए विभिन्न नीतिगत बदलावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में एमबीबीएस सीटों में वृद्धि, दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज की शुरुआत और एम्स की संख्या सात से बढ़कर 22 होने की बात कही। इसके अलावा उन्होंने धारा 370 के प्रावधानों में बदलाव, सर्जिकल एवं एयर स्ट्राइक और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की नीतिगत दिशा पर अपनी बात रखी।

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में महापौर श्री संजय पांडे और जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप ने भी बस्तर में शांति, विकास और रोजगार के अवसरों को लेकर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर, संभाग आयुक्त श्री डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक श्री बी.एन. मीणा, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ श्री तन्मय खन्ना सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
