रायपुर, 17 सितम्बर 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बिलासपुर में ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत गुरुवार शाम करीब 10 लाख दीप एक साथ प्रज्ज्वलित किए गए। शहर से लेकर गांवों तक दीपों की रोशनी से बिलासपुर जगमगा उठा। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित हुआ, जहां एक साथ 1 लाख 25 हजार दीप जलाए गए।
उप मुख्यमंत्री एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव ने पुलिस परेड ग्राउंड में दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान में सहभागिता की। सेवा, समर्पण, सुशासन और जनभागीदारी की भावना से आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। शाम 7 बजे जिलेभर के अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन जनसेवा के प्रति समर्पण की यात्रा है। श्री साव ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से लोगों ने सेवा और जनभागीदारी की भावना के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई है।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है। उप मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण, युवाओं और विद्यार्थियों के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया और कहा कि विकास की प्रक्रिया में समाज की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

बिलासपुर जिले के धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर भी विशेष दीप प्रज्ज्वलन किया गया। रतनपुर में 11 हजार, मल्हार में 11 हजार तथा बेलपान और ताला में 1100-1100 दीप जलाए गए। जिले के चारों विकासखंडों की चयनित 44 ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इसके अलावा गांवों में भी 100 से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए गए।
अभियान के तहत जिले के शासकीय भवनों, विद्यालयों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायतों में भी दीप जलाए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों ने अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम में भागीदारी की। महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने भी अलग-अलग स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलन में सहयोग किया।

‘जल जनसेवा संकल्प’ के तहत जिले के बांध, बैराज, एनीकट और नहर शीर्षों पर भी दीप जलाए गए। इस तरह जिलेभर में करीब 10 लाख दीपों के सामूहिक प्रज्ज्वलन ने सेवा, संकल्प, सुशासन और जनभागीदारी का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री साव ने स्वच्छता कर्मियों का सम्मान भी किया। उन्होंने शहर और जिले को स्वच्छ रखने में उनके योगदान की सराहना की। स्वच्छता कर्मियों ने भी दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम में बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, नगर निगम महापौर श्रीमती पूजा विधानी, क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सवन्नी, नगर निगम सभापति श्री विनोद सोनी, संभागायुक्त श्री सुनील जैन, सीसीएफ श्री मनोज पांडे, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी श्री रजनेश सिंह, नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
