रायपुर, 09 सितंबर 2026
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। एक महीने के इस अभियान में जिले के परिवारों, बच्चों, महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों को अलग-अलग गतिविधियों के जरिए जोड़ा जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी से आगे बढ़ाना है।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। जिले के परिवार अपने घरों में दीप प्रज्वलित कर अभियान से जुड़ेंगे। प्रशासन का मैदानी अमला घर-घर पहुंचकर लोगों को कार्यक्रम की जानकारी देगा और दीप प्रज्वलन के जरिए विकसित भारत के सामूहिक संकल्प में भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा।
अभियान में बच्चों को भी विशेष रूप से जोड़ा गया है। ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सरकारी और निजी स्कूलों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। विद्यार्थी विकसित भारत को लेकर अपनी कल्पनाओं को चित्रों और विचारों के माध्यम से सामने रखेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया जाएगा और चयनित कलाकृतियों को प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया जाएगा।
सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक रोचक तरीके से पहुंचाने के लिए ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 17 सितंबर से विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन होगा। इनमें जनकल्याणकारी योजनाओं, उनकी पात्रता और योजनाओं से लाभान्वित लोगों के जीवन में आए बदलावों को प्रस्तुत किया जाएगा। इसका उद्देश्य ऐसे नागरिकों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है, जो अब तक इनके लाभ से नहीं जुड़ पाए हैं।
महिलाओं और बच्चों के लिए 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित होगा। यहां पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान को भी सम्मानित किया जाएगा।
अभियान में सरकारी योजनाओं से लाभ उठाकर अपनी जिंदगी बदलने वाले लोगों की कहानियां भी सामने लाई जाएंगी। ‘कहानी बदलाव की’ पहल के तहत हितग्राहियों की वास्तविक सफलता की कहानियों का संकलन किया जाएगा। इन कहानियों के जरिए दूसरे पात्र नागरिकों को भी योजनाओं से जुड़ने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभागों के बीच बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्ययोजना के साथ मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे को अभियान का जिला नोडल अधिकारी बनाया गया है।
प्रशासन के अनुसार, ‘सेवा संकल्प अभियान’ को केवल सरकारी कार्यक्रम के रूप में नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़े अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। एक महीने के दौरान अलग-अलग वर्गों को जोड़ते हुए शासन की योजनाओं की जानकारी अंतिम छोर तक पहुंचाने और विकसित भारत-2047 के संकल्प को सामूहिक भागीदारी से मजबूत करने पर जोर रहेगा।
7800/दीपक
