रायपुर, 09 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर जनपरामर्श की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। राजनांदगांव में हुई बैठक में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने समिति के सामने अपने विचार रखे। विवाह, तलाक, भरण-पोषण, बच्चा गोद लेने, संपत्ति के उत्तराधिकार और लिव-इन संबंध जैसे मुद्दों पर पक्ष और विपक्ष दोनों में सुझाव सामने आए।
जिला पंचायत सभाकक्ष में हुई इस बैठक में यूसीसी समिति के सदस्य सेवानिवृत्त आईएएस एम.के. राउत, वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन पवार और सेवानिवृत्त प्राचार्या डॉ. ज्योति रानी सिंह मौजूद रहे। समिति ने अलग-अलग समुदायों और संगठनों के प्रतिनिधियों की बात सुनी और उनके सुझाव दर्ज किए।
राजनांदगांव के साथ कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों से भी प्रतिनिधि बैठक में शामिल हुए। सर्व आदिवासी समाज, बौद्ध, जैन, मुस्लिम, ईसाई, साहू, कलार, लोधी, यादव, पटेल, गड़रिया, सेन और उराव समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा मां बम्लेश्वरी ट्रस्ट समिति के पदाधिकारियों ने अपने विचार समिति के सामने रखे। सामाजिक कार्यकर्ताओं और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सुझाव दिए।

बैठक में कुछ संगठनों ने UCC के तहत धर्म, जाति और लिंग से अलग सभी नागरिकों के लिए विवाह, तलाक, गोद लेने और संपत्ति के उत्तराधिकार जैसे मामलों में समान कानूनी व्यवस्था की आवश्यकता बताई। वहीं, चर्चा में पारंपरिक सामाजिक मान्यताओं और मौजूदा वैधानिक व्यवस्थाओं को ध्यान में रखने से जुड़े विचार भी सामने आए।

समिति ने स्पष्ट किया कि जनपरामर्श के दौरान मिलने वाले सुझावों को संकलित कर उनका अध्ययन किया जाएगा और इन्हीं विचारों को ध्यान में रखते हुए UCC के अंतिम ड्राफ्ट की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। बैठक में विधिक सलाहकार ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए समान नागरिक संहिता से जुड़े विभिन्न कानूनी पहलुओं की जानकारी भी दी।
समिति की ओर से आम नागरिकों से भी सुझाव मांगे गए हैं। लोग समिति की आधिकारिक वेबसाइट ucc.cgstate.gov.in और ई-मेल के माध्यम से अपनी राय दर्ज करा सकते हैं। जनपरामर्श की प्रक्रिया का उद्देश्य UCC को व्यावहारिक, समावेशी और जनोपयोगी बनाने के लिए विभिन्न वर्गों की राय को सामने लाना है।
बैठक में संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, कलेक्टर जितेंद्र यादव, जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर सी.एल. मारकंडेय सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
7801-राठौर
