रायपुर, 09 सितंबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के पहले दिन की शाम प्रदेशभर में सामूहिक दीप प्रज्वलन की तैयारी शुरू हो गई है। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को लेकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बस्तर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद और दुर्ग जिलों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आयोजन की रूपरेखा, स्थल चयन और जनभागीदारी को लेकर विस्तृत जानकारी ली।
उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिला और संभाग मुख्यालयों के साथ-साथ नगरीय निकायों तथा विकासखंड मुख्यालयों में भी सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलन किया जाए। उनका कहना था कि कार्यक्रम को केवल प्रशासनिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसमें आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कलेक्टरों और अधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर कार्यक्रम के लिए उपयुक्त स्थान तय करने को कहा। स्थल ऐसा हो जहां अधिक संख्या में लोग आसानी से पहुंच सकें और आयोजन व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न हो। कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा के दौरान विजय शर्मा ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ सेवा और संकल्प की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनेगा। दीप प्रज्वलन के जरिए अभियान को सामाजिक सहभागिता से जोड़ने और लोगों तक इसके उद्देश्य का संदेश पहुंचाने पर जोर दिया गया।

उप मुख्यमंत्री ने नगरीय निकायों और विकासखंड स्तर पर भी एक निर्धारित स्थान पर सामूहिक आयोजन की पहल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी का रूप दिया जा सकता है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में संबंधित जिलों के विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर, नोडल अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री ने जिलावार तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयोजन को समय पर पूरा करने और ‘आशीर्वाद का दीया’ के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
7781/राठौर/गोपाल
