रायपुर, 01 सितंबर 2026
आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए संचालित सीएम हेल्पलाइन लगातार लोगों के लिए मददगार साबित हो रही है। दुर्ग जिले के ग्राम पंचायत पहांदा (अ) निवासी श्रीमती नेहा गेन्डरे को भी सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से अपनी लंबित समस्या का समाधान मिला। विवाह के बाद जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने से परेशान नेहा ने हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र तैयार करा दिया।
नेहा का विवाह 19 अप्रैल 2026 को हुआ था। विवाह के बाद उन्हें बैंक से जुड़े जरूरी कार्यों के साथ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। उन्होंने ग्राम पंचायत में विवाह पंजीयन के लिए आवेदन भी जमा किया, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी प्रमाण पत्र जारी नहीं हुआ। आवेदन लंबित रहने के कारण उन्हें कई आवश्यक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
लगातार प्रयासों के बावजूद जब समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो नेहा ने सीएम हेल्पलाइन पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत ग्रामीण क्षेत्रों में विवाह पंजीयन से संबंधित श्रेणी में दर्ज की गई। प्रकरण सामने आते ही संबंधित अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक प्रक्रिया को तेजी से पूरा कराया और नेहा का विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र तैयार कर दिया।
प्रमाण पत्र मिलने के बाद नेहा को बैंक संबंधी कार्यों और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में आसानी हुई। समस्या के त्वरित समाधान से खुश नेहा ने सीएम हेल्पलाइन की सराहना करते हुए कहा कि शिकायत के माध्यम से उनकी परेशानी का समाधान आसानी से हो गया। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था से आम नागरिकों का प्रशासन पर भरोसा मजबूत होता है और लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलती है।
