जशपुर , 16 अक्टूबर 2026
जशपुर जिले के ग्राम घुईटांगर के एथलीट अनिमेष कुजूर ने एशियन गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार शाम राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में अनिमेष से सौजन्य मुलाकात कर उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
अनिमेष ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स में 4×100 मीटर मिक्स्ड रिले स्पर्धा में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। इस स्पर्धा में भारतीय टीम ने 41.06 सेकंड का समय दर्ज कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड में भी सुधार किया। मुख्यमंत्री ने इसे छत्तीसगढ़ और देश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि अनिमेष ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प से अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का मान बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री साय ने अनिमेष से उनके प्रदर्शन, प्रशिक्षण और खेल यात्रा के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि जशपुर के एक छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना प्रदेश के उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है, जो खेलों में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं। अनिमेष की सफलता यह संदेश देती है कि उचित अवसर, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन मिलने पर ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाएं भी विश्वस्तरीय मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बस्तर, सरगुजा और जशपुर सहित ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। राज्य सरकार का प्रयास है कि खिलाड़ियों की पहचान शुरुआती स्तर पर हो और उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर खेल अधोसंरचना तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुरूप सुविधाएं मिलें। खेलों के विकास को युवाओं के सर्वांगीण विकास से जोड़ते हुए सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि अनिमेष जैसे खिलाड़ियों की उपलब्धियां प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करती हैं और नई पीढ़ी को अनुशासन, परिश्रम तथा आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देती हैं। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि अनिमेष आगे भी इसी समर्पण के साथ प्रदर्शन करते हुए देश के लिए और पदक जीतेंगे।
मुलाकात के दौरान अनिमेष कुजूर ने मुख्यमंत्री के साथ अपने खेल अनुभव साझा किए। इस अवसर पर उनके पिता अमृत कुजूर, माता रीना कुजूर, एथलेटिक्स एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
