रायपुर, 01 सितंबर 2026
मुख्य सचिव श्री विकासशील ने राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन के अंतर्गत प्रदेश में टेक्सटाइल एवं तकनीकी वस्त्र उद्योग की संभावनाओं को विकसित करने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में तकनीकी वस्त्र क्षेत्र के विकास के लिए शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा संबंधित शैक्षणिक एवं तकनीकी संस्थानों का सहयोग लिया जाए।
बैठक में ग्रामोद्योग विभाग के अधिकारियों ने राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन के तहत शिक्षा, प्रशिक्षण, कौशल विकास, बाजार विस्तार, अनुसंधान, नवाचार एवं तकनीकी विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया। अधिकारियों ने प्रदेश में तकनीकी वस्त्र उद्योग की संभावनाओं और इसके माध्यम से रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर विकसित करने की संभावनाओं की जानकारी दी।
बैठक के दौरान एग्रो टेक्सटाइल, मेडिकल टेक्सटाइल, कंस्ट्रक्शन टेक्सटाइल, स्मार्ट टेक्सटाइल तथा स्पोर्ट्स, होम एवं क्लॉथ से जुड़े क्षेत्रों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने इन क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं का अध्ययन कर उद्योगों, शिक्षण संस्थानों और कौशल विकास केंद्रों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि तकनीकी वस्त्र का क्षेत्र तेजी से विस्तार कर रहा है और इसमें आधुनिक तकनीक, अनुसंधान एवं नवाचार के माध्यम से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के साथ नए व्यवसायिक अवसर भी तैयार किए जा सकते हैं। इसके लिए विभागों को मिलकर चरणबद्ध एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने की आवश्यकता है।
बैठक में ग्रामोद्योग विभाग के सचिव श्री राजेश सिंह राणा सहित उद्योग एवं वाणिज्य, तकनीकी शिक्षा, एनआईटी, कौशल विकास, उच्च शिक्षा एवं विभिन्न विश्वविद्यालयों के तकनीकी विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
