रायपुर, 01 सितंबर 2026
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन में राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर कुल 44 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।
जनदर्शन में महासमुंद ग्राम मोंगरा की टेश्वरी साहू ने श्रम विभाग के खाते से जुड़ी समस्या के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर ने जिला श्रम अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम मालीडीह के बुधराम खैरवार ने एग्रीस्टेक पंजीयन, जबकि ग्राम सिंघनपुर बसना के लखेन्द्र कश्यप ने मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना का लाभ दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।
सरायपाली क्षेत्र के आवेदकों ने गौरव पथ से फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग-53 तक पहुंच मार्ग पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत की। वहीं ग्राम खेमड़ा के ग्रामीणों ने जर्जर पुल की मरम्मत तथा ग्राम मोखापुटका के सरपंच ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग रखी। तुरी समाज के लोगों ने अपनी जाति को अनुसूचित जनजाति में शामिल करने के संबंध में आवेदन दिया।
ग्राम जगदीशपुर के नागरिकों ने वार्ड क्रमांक 13 से अटल चौक तक निर्मित सीसी रोड में अनियमितता की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री लंगेह ने तत्काल जांच के निर्देश दिए और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को जांच टीम भेजकर वस्तुस्थिति की जांच करने कहा।
इसके अलावा जनदर्शन में नामांतरण, भूमि अतिक्रमण, पेंशन, शासकीय योजनाओं का लाभ तथा अन्य जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जाए और आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनदर्शन के दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि साहू सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
