रायपुर, 01 सितंबर 2026
मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले में खरीफ सीजन 2026 के दौरान किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग द्वारा उर्वरक एवं कीटनाशक विक्रय केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन और कृषि विभाग की संयुक्त कार्ययोजना के तहत पंजीकृत किसानों को उर्वरकों का शत-प्रतिशत वितरण किया जा चुका है। जिले की समितियों में भी पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है।

कृषि विभाग द्वारा अब तक 94 सहकारी एवं निजी उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया है। अनियमितता पाए जाने पर 30 केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि 5 केंद्रों में उर्वरक बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं 21 पौध संरक्षण औषधि केंद्रों की जांच में 8 केंद्रों को नोटिस जारी किए गए हैं। बिना वैध दस्तावेज के कीटनाशक बिक्री पाए जाने पर 3 केंद्रों में जब्ती और बिक्री प्रतिबंध की कार्रवाई की गई है।

कृषि आदानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उर्वरक एवं कीटनाशकों के नमूने लेकर प्रयोगशालाओं में जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध संबंधित अधिनियमों के तहत कार्रवाई जारी है।

कृषि विभाग द्वारा किसानों को नैनो उर्वरकों के उपयोग तथा संतुलित और समन्वित कृषि पद्धति अपनाने की जानकारी दी जा रही है। किसानों से अपील की गई है कि वे उर्वरक और कृषि रसायनों की खरीदी केवल पंजीकृत संस्थानों एवं अधिकृत विक्रय केंद्रों से ही करें।

विभाग ने किसानों को भ्रामक प्रचार और अवैध कृषि आदानों की बिक्री से सावधान रहने की सलाह दी है। डोर-टू-डोर कृषि आदानों की खरीद से बचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल कृषि विभाग के अधिकारियों को देने की अपील की गई है।
