रायपुर, 1 सितंबर 2026
लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने ई-ऑफिस के माध्यम से नस्तियों के त्वरित और समयबद्ध निराकरण में मई, जून और जुलाई 2026 की तिमाही में छत्तीसगढ़ मंत्रालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जुलाई माह में भी विभाग ने अपनी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली कायम रखते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा प्रशंसा-पत्र प्रदान कर स्वास्थ्य विभाग को सम्मानित किया गया।

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस उपलब्धि पर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीम भावना, कार्य के प्रति प्रतिबद्धता और ई-ऑफिस के प्रभावी उपयोग का परिणाम है। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से पारदर्शिता, गति और जवाबदेही को और मजबूत करते हुए आमजन से जुड़े मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
