रायपुर, 01 सितंबर 2026
संत गोबिंदराम शदाणी शासकीय कला एवं वाणिज्य कन्या महाविद्यालय, रायपुर में वर्ष 2026-27 में नवप्रवेशित छात्राओं का दीक्षारंभ कार्यक्रम राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर राज्यपाल ने महाविद्यालय की प्रतिभाशाली छात्राओं को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया।
राज्यपाल डेका ने नवप्रवेशित छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश उनके जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है। यह यात्रा केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें एक जागरूक, सशक्त, आत्मनिर्भर और संवेदनशील नागरिक बनाने वाली होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्राएं ऐसे संस्थान का हिस्सा बनी हैं, जिसने लंबे समय से बालिकाओं को शिक्षा और ज्ञान के माध्यम से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह पानी के बिना जीवन अधूरा है, उसी तरह महिलाओं के बिना समाज की कल्पना भी अधूरी है। छात्राओं को जीवन में उपलब्ध अवसरों का सकारात्मक उपयोग करते हुए निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। किसी एक क्षेत्र में सफलता न मिलने पर निराश होने के बजाय नए अवसर तलाशकर प्रयास जारी रखना चाहिए।
राज्यपाल ने कहा कि जीवन निरंतर सीखने की प्रक्रिया है और व्यक्ति को जीवनभर विद्यार्थी बने रहना चाहिए। इंटरनेट और आधुनिक तकनीक ने ज्ञान के नए द्वार खोले हैं, लेकिन तकनीक पर पूरी तरह निर्भर होना उचित नहीं है। तकनीक ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम हो सकती है, लेकिन मानव बुद्धि, विवेक और निर्णय क्षमता का स्थान नहीं ले सकती।

उन्होंने छात्राओं से कहा कि जीवन को सार्थक बनाने के लिए वर्तमान पर ध्यान केंद्रित करें और पूरी मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें। हमें केवल यह नहीं सोचना चाहिए कि समाज और देश ने हमें क्या दिया, बल्कि यह भी विचार करना चाहिए कि हम समाज, अपने आसपास के लोगों और देश के लिए क्या योगदान दे सकते हैं। छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास भी भविष्य में बड़े बदलाव का आधार बन सकते हैं।
राज्यपाल ने शिक्षकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में शिक्षक का योगदान अमूल्य होता है। शिक्षकों को अपने आचरण और व्यवहार से विद्यार्थियों के सामने ऐसा उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए, जिससे वे प्रेरणा लेकर अपने जीवन में आगे बढ़ सकें।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, संत श्री युधिष्ठिर लाल, महाविद्यालय की प्राचार्य उषा किरण अग्रवाल, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
