रायपुर, 01 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि जुड़ी है। देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS) अब नवा रायपुर अटल नगर में अपना कैंपस स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में संस्थान के लिए लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
नवा रायपुर के सेक्टर-18 में करीब 40 एकड़ भूमि पर NMIMS का अत्याधुनिक कैंपस विकसित किया जाएगा। संस्थान को यह भूमि 90 वर्षों की लीज पर दी गई है। पहला शैक्षणिक बैच दो से तीन वर्षों के भीतर शुरू करने का लक्ष्य है, जबकि पूर्ण रूप से विकसित होने पर यहां करीब 10 हजार विद्यार्थी अध्ययन कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर न जाना पड़े, यह राज्य सरकार की प्राथमिकता है। NMIMS की स्थापना से विद्यार्थियों को प्रबंधन, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा अपने ही प्रदेश में मिलेगी।
संस्थान की स्थापना से शिक्षा के साथ कौशल विकास, रोजगार, नवाचार और उद्यमिता को भी बढ़ावा मिलेगा। विद्यार्थियों और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय से प्रदेश की जरूरतों के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिलेगी।
NMIMS की स्थापना से नवा रायपुर की पहचान एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में और मजबूत होगी। देशभर से विद्यार्थियों और शिक्षकों के आने से शहर के शैक्षणिक एवं बौद्धिक वातावरण का भी विस्तार होगा।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, आवास एवं पर्यावरण सचिव अंकित आनंद तथा नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार उपस्थित रहे।
