रायपुर, 30 अगस्त 2026।
छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की प्रक्रिया के बीच रायपुर में मुस्लिम समाज की ओर से एक दिवसीय बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में समाज के बुद्धिजीवियों और प्रतिनिधियों से UCC को लेकर सुझाव लिए जाएंगे, जिन्हें राज्य स्तरीय समान नागरिक संहिता समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
यह जानकारी छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने दी है।
1 सितंबर को गुरु घासीदास ऑडिटोरियम में बैठक
बैठक 1 सितंबर 2026, मंगलवार को रायपुर के कलेक्ट्रेट चौक स्थित गुरु घासीदास ऑडिटोरियम में आयोजित होगी। आयोजन स्थल छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड कार्यालय के सामने है।
आयोजकों के मुताबिक, बैठक का उद्देश्य UCC को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों से सुझाव एकत्र करना है। बैठक की जानकारी रायपुर की विभिन्न मस्जिदों में जुमा की नमाज के दौरान ऐलान के माध्यम से भी दी गई है।
दो प्रतियों में लिखित सुझाव लाने की अपील
आयोजकों ने समाज के लोगों से UCC से जुड़े अपने सुझाव लिखित रूप में दो प्रतियों में लाने की अपील की है। सुझाव ‘अध्यक्ष, समान नागरिक संहिता समिति, छत्तीसगढ़’ के नाम से संबोधित करने को कहा गया है।
बैठक में शहर काजी कारी डॉ. मोहम्मद इमरान अशरफी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि वरिष्ठ अधिवक्ता फैसल रिजवी अध्यक्षता करेंगे।
शाम 4 बजे समिति के सामने रखे जाएंगे सुझाव
बैठक के दौरान प्राप्त सुझावों को संकलित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इन सुझावों को उसी दिन शाम 4 बजे समान नागरिक संहिता समिति, छत्तीसगढ़ के सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि बैठक के जरिए मुस्लिम समाज के विभिन्न वर्गों की राय और सुझावों को समिति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
