रायपुर, 30 अगस्त 2026।
छत्तीसगढ़ में खनिज क्षेत्र में निवेश और महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों के दोहन को बढ़ावा देने के लिए 31 अगस्त को नवा रायपुर में क्रिटिकल और स्ट्रेटेजिक मिनरल्स की नीलामी को लेकर बड़ा रोड शो आयोजित किया जाएगा। मेफेयर लेक रिजॉर्ट में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे।
कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, सीएमडीसी अध्यक्ष सौरभ सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव, खान मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, खनन विशेषज्ञ और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
20 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक्स नीलामी के लिए
भारत सरकार ने क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल्स की 8वीं किश्त के तहत कुल 20 खनिज ब्लॉक्स नीलामी के लिए रखे हैं। इनमें 3 माइनिंग लीज और 17 कंपोजिट लाइसेंस ब्लॉक्स शामिल हैं।
इन ब्लॉक्स में ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, रेयर मेटल्स, वैनेडियम, गैलियम, टाइटेनियम, मोलिब्डेनम और टंगस्टन जैसे महत्वपूर्ण खनिज शामिल हैं।
इन खनिजों को देश की ऊर्जा सुरक्षा, आधुनिक तकनीक, औद्योगिक विकास और रणनीतिक जरूरतों के लिहाज से अहम माना जाता है।
टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी की होगी शुरुआत
रोड शो के दौरान छत्तीसगढ़ के खनिज क्षेत्र को तकनीक आधारित और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा।
इसके अलावा सीएमडीसी और इंडियन ओवरसीज बैंक के बीच एमओयू का आदान-प्रदान होगा। कोरन्डम कटिंग और पॉलिशिंग के प्रशिक्षण के लिए पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के साथ भी एमओयू किया जाएगा।
कार्यक्रम में माइनर मिनरल्स पर प्रकाशित पुस्तक का विमोचन और तीन लाइमस्टोन माइनिंग लीज ब्लॉक्स के लिए एनआईटी जारी करने की प्रक्रिया भी प्रस्तावित है।
निवेशकों को नीलामी प्रक्रिया की मिलेगी जानकारी
दोपहर 2 बजे से तकनीकी सत्र में खनिज ब्लॉक्स की नीलामी, निवेश और अन्वेषण से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।
मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित खनिज ब्लॉक्स पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। वहीं SBI CAPS और MSTC की ओर से मिनरल ऑक्शन और ई-ऑक्शन प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
कंपोजिट लाइसेंस धारकों के लिए अन्वेषण व्यय की आंशिक प्रतिपूर्ति से जुड़ी NMEDT योजना पर भी प्रस्तुतीकरण होगा।
इसके बाद ओपन हाउस डिस्कशन में उद्योग प्रतिनिधियों, निवेशकों और विशेषज्ञों के साथ खनिज संसाधनों की संभावनाओं और निवेश के अवसरों पर चर्चा होगी।
नीलाम ब्लॉक्स के ऑपरेशनलाइजेशन की होगी समीक्षा
रोड शो के बाद समीक्षा बैठक में पहले से नीलाम किए गए प्रमुख खनिज ब्लॉक्स के ऑपरेशनलाइजेशन और संचालन की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
खनन परियोजनाओं को जल्द शुरू करने और केंद्र-राज्य स्तर पर जरूरी समन्वय को लेकर भी चर्चा होगी। इसके बाद माइन विजिट का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
छत्तीसगढ़ के खनिज क्षेत्र में निवेश को मिलेगी नई गति
क्रिटिकल और स्ट्रेटेजिक मिनरल्स की बढ़ती वैश्विक जरूरत के बीच यह रोड शो छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार की कोशिश है कि अन्वेषण और खनन गतिविधियों को गति देने के साथ नए निवेश, तकनीक और रोजगार के अवसर तैयार किए जाएं।
केंद्र और राज्य सरकार के साथ उद्योग जगत और खनन विशेषज्ञों की भागीदारी से होने वाला यह आयोजन छत्तीसगढ़ के खनिज क्षेत्र में निवेश की नई संभावनाओं का रास्ता खोल सकता है।
