रायपुर, 30 अगस्त 2026।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी आज राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुनी। निरंजन धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ सिर्फ रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों लोगों से प्रधानमंत्री का सीधा संवाद है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में बिना किसी प्रचार और स्वार्थ के समाज के लिए काम कर रहे लोगों और स्थानीय स्तर पर हो रहे नवाचारों को देश के सामने लाया जाता है। इससे इन प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिलने के साथ दूसरे लोगों को भी बेहतर काम करने की प्रेरणा मिलती है।
‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ पर CM का जोर
मुख्यमंत्री ने ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें परिवार, समाज और प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि नशे का असर सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है। स्वस्थ और ऊर्जावान युवा ही विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
‘हर घर तिरंगा’ को मिला लोगों का जबरदस्त समर्थन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर देशवासियों के उत्साह का भी जिक्र किया। अभियान के तहत 8 करोड़ से अधिक लोगों ने तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड की।

साय ने कहा कि यह आंकड़ा देशवासियों के तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम को दर्शाता है। ‘हर घर तिरंगा’ अब जनभागीदारी का बड़ा अभियान बन चुका है।
पीएम स्वनिधि से महिलाओं को आर्थिक मजबूती
‘मन की बात’ में पीएम स्वनिधि योजना के जरिए महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की चर्चा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रेहड़ी-पटरी और छोटे व्यवसायों से जुड़ी महिलाओं को इस योजना से कारोबार आगे बढ़ाने का अवसर मिला है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, पीएम स्वनिधि के लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और देशभर में लगभग 35 लाख महिलाएं इससे जुड़ी हैं।
उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से मजबूत महिला अपने परिवार के साथ-साथ समाज और देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करती है।
स्वच्छता को आदत बनाने की जरूरत
मुख्यमंत्री साय ने स्वच्छता को लेकर कहा कि इसका असर तभी स्थायी होगा, जब स्वच्छता सिर्फ सरकारी अभियान न रहकर लोगों की रोजमर्रा की आदत और जिम्मेदारी बने।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने घर, मोहल्ले, गांव और शहर को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
अंतरिक्ष विज्ञान में छत्तीसगढ़ की बेटी महिमा राजपूत की उपलब्धि
‘मन की बात’ में मिशन शक्ति सैट जैसे प्रयासों का उल्लेख किए जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश की बेटियां विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं।
उन्होंने खास तौर पर छत्तीसगढ़ की महिमा राजपूत का जिक्र करते हुए कहा कि उनका इस मुहिम से जुड़ना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। मिशन के जरिए भारत समेत अलग-अलग देशों की छात्राओं को सैटेलाइट टेक्नोलॉजी और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने महिमा राजपूत को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और खेल समेत हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं।
‘मन की बात’ में कई बार छत्तीसगढ़ का जिक्र
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की अलग-अलग कड़ियों में कई बार छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों और विशेषताओं का उल्लेख किया है।
बस्तर ओलंपिक, मल्हार में मिले प्राचीन ताम्रपत्र और काले हिरण के संरक्षण जैसे विषयों को राष्ट्रीय मंच पर जगह मिलने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे छत्तीसगढ़ के सकारात्मक प्रयासों और स्थानीय उपलब्धियों को देशभर में पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ की खासियत यही है कि यह देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे अच्छे कार्यों को एक मंच पर लाती है और लोगों को स्वच्छता, नवाचार, आत्मनिर्भरता, समाजसेवा और राष्ट्रहित के लिए प्रेरित करती है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू और पुरंदर मिश्रा समेत जनप्रतिनिधि, संतजन और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
