प्रधानमंत्री आवास योजना ने मेहनत-मजदूरी कर जीवन चलाने वाली एकल महिला को दिया सुरक्षित और सम्मानजनक आशियाना
रायपुर, 29 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के वर्षों पुराने पक्के घर के सपने को पूरा किया जा रहा है। यह योजना केवल गरीब परिवारों को पक्की छत देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व भी ला रही है।
रायगढ़ जिले के तमनार विकासखंड के ग्राम पंचायत महलोई निवासी श्रीमती दूरपति राठिया के लिए भी प्रधानमंत्री आवास योजना उनके जीवन में बदलाव लेकर आई है। विधवा और एकल महिला दूरपति मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन चलाती हैं। सीमित आय में परिवार की जरूरतें पूरी करना ही उनके लिए चुनौती था। ऐसे में अपने दम पर पक्का मकान बनाना उनके लिए आसान नहीं था।
दूरपति लंबे समय तक कच्चे मिट्टी के मकान में रहती थीं। बरसात का मौसम आते ही उनकी चिंता बढ़ जाती थी। बारिश के दौरान छत से पानी टपकता था और घर के भीतर नमी फैल जाती थी। कच्ची दीवारों के कमजोर होने से मकान को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता था। इसके अलावा जहरीले जीव-जंतुओं के घर में घुसने की आशंका भी बनी रहती थी। हर बारिश में सुरक्षित छत की चिंता उनके लिए परेशानी का कारण बन जाती थी।
ऐसे हालात के बीच दूरपति को उम्मीद थी कि कभी उनका भी अपना पक्का घर होगा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत उनका आवास स्वीकृत हुआ और शासन से मिली सहायता से पक्के मकान का निर्माण संभव हो सका। वर्षों से देखा जा रहा उनका सपना अब हकीकत बन चुका है।
अब बारिश के दिनों में दूरपति को छत टपकने या कच्ची दीवारों के कमजोर होने की चिंता नहीं रहती। पक्के घर में उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का एहसास हो रहा है। जहरीले जीव-जंतुओं और मकान के क्षतिग्रस्त होने का डर भी काफी हद तक खत्म हो गया है।
दूरपति के लिए यह घर सिर्फ ईंट और सीमेंट से बना मकान नहीं, बल्कि उनके संघर्ष के बाद मिली सुरक्षा और सुकून का प्रतीक है। पक्का आवास मिलने से उनके आत्मविश्वास और मनोबल में भी बढ़ोतरी हुई है। आज अपने नए घर में वह पहले की तुलना में अधिक निश्चिंत होकर जीवन बिता रही हैं।
दूरपति राठिया ने पक्का आवास मिलने पर शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपने पक्के घर में रहना उनके लिए बेहद खुशी और सुकून की बात है। उन्होंने बताया कि पहले बारिश के दिनों में घर को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती थी, लेकिन अब सुरक्षित छत मिलने से उनका जीवन काफी आसान हो गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से छत्तीसगढ़ के जरूरतमंद परिवारों को पक्का और सुरक्षित घर उपलब्ध कराने का कार्य जारी है। दूरपति राठिया की कहानी बताती है कि जब शासन की योजनाओं का लाभ सही जरूरतमंद तक पहुंचता है, तो वह केवल एक मकान नहीं देता, बल्कि जीवन में सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद भी लेकर आता है।
