रायगढ़ जिला चिकित्सालय में 25 हजार 835 जांचें पूरी, 134 प्रकार की जांच निःशुल्क उपलब्ध
रायपुर, 29 अगस्त 2026
सरकारी अस्पतालों में बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अटल आरोग्य लैब योजना मरीजों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। रायगढ़ के किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय में संचालित अटल आरोग्य लैब के माध्यम से मरीजों को विभिन्न प्रकार की चिकित्सा जांच निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। बीते दो महीनों में ही 6 हजार 44 मरीजों ने इस सुविधा का लाभ उठाया है। इस दौरान लैब में कुल 25 हजार 835 जांचें पूरी की जा चुकी हैं।
जिला चिकित्सालय में संचालित इस लैब में 134 प्रकार की चिकित्सा जांच की सुविधा उपलब्ध है। जांच की इतनी व्यापक सुविधा एक ही स्थान पर मिलने से मरीजों को आवश्यक परीक्षण के लिए निजी पैथोलॉजी सेंटरों का रुख करने की जरूरत कम हुई है। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह सुविधा काफी महत्वपूर्ण साबित हो रही है, क्योंकि महंगी जांचों पर होने वाला खर्च बचने से उपचार का आर्थिक बोझ भी कम हो रहा है।

अटल आरोग्य लैब योजना का उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक और भरोसेमंद जांच सुविधाओं का विस्तार करना है। इसके माध्यम से मरीजों को उपचार के लिए जरूरी जांच अपने जिले में ही उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसका सीधा लाभ ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से जिला चिकित्सालय पहुंचने वाले मरीजों को मिल रहा है, जिन्हें जांच के लिए दूसरे शहरों या निजी केंद्रों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है।
लैब में जांच प्रक्रिया को तकनीक आधारित और सुविधाजनक बनाया गया है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से मरीजों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है। इससे मरीजों को केवल रिपोर्ट लेने के लिए दोबारा अस्पताल आने की परेशानी नहीं उठानी पड़ती। वहीं चिकित्सकों को भी समय पर जांच रिपोर्ट उपलब्ध होने से मरीज की बीमारी का आकलन कर उपचार शुरू करने में सुविधा मिलती है।
निःशुल्क जांच सुविधा का एक बड़ा लाभ यह भी है कि मरीजों को उपचार के साथ-साथ जांच के लिए अलग से आर्थिक संसाधन जुटाने की चिंता कम हुई है। एक ही अस्पताल में जांच की सुविधा मिलने से समय और आने-जाने का खर्च भी बच रहा है। इससे विशेष रूप से उन परिवारों को राहत मिल रही है, जिनके लिए निजी स्वास्थ्य सेवाओं का खर्च उठाना मुश्किल होता है।
अटल आरोग्य लैब के माध्यम से सरकारी अस्पतालों में जांच व्यवस्था को मजबूत करने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक मरीज-केंद्रित बनाने का प्रयास किया जा रहा है। 134 प्रकार की जांच, निःशुल्क सुविधा और डिजिटल रिपोर्टिंग जैसी व्यवस्थाएं मरीजों को उपचार की पूरी प्रक्रिया में अधिक सुविधा प्रदान कर रही हैं।
रायगढ़ जिला चिकित्सालय में दो माह के भीतर 6 हजार 44 मरीजों द्वारा इस सुविधा का लाभ उठाना और 25 हजार 835 जांचों का पूरा होना यह दर्शाता है कि आधुनिक जांच सुविधाओं की सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्धता मरीजों के लिए कितनी उपयोगी साबित हो रही है। अटल आरोग्य लैब जैसी पहल से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ने के साथ लोगों का सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं के प्रति भरोसा भी मजबूत हो रहा है।
