चाम्पा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नवनिर्मित सभाकक्ष का लोकार्पण, मेधावी विद्यार्थियों और रोजगार प्राप्त युवाओं का सम्मान
रायपुर, 29 अगस्त 2026
राज्यपाल श्री रमेन डेका आज बलौदाबाजार विकासखंड के ग्राम चाम्पा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित लोकार्पण एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए। उन्होंने विद्यालय के नवनिर्मित सभाकक्ष का लोकार्पण किया। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षकों, 10वीं-12वीं के मेधावी विद्यार्थियों, पीएटी में चयनित छात्रों और ‘हम होंगे कामयाब’ योजना के तहत रोजगार प्राप्त 9 युवाओं को सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि नवनिर्मित सभाकक्ष से विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए सांस्कृतिक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के लिए रोल मॉडल बनें और अपने आचरण से उन्हें प्रेरित करें। छात्रों से उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य हासिल करने के लिए जुनून पैदा करें और उसे पूरा करने के लिए निरंतर कड़ी मेहनत करें। उन्होंने नई शिक्षा नीति को कौशल विकास और विषय विशेषज्ञता के लिए महत्वपूर्ण बताया।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों को मोबाइल, सोशल मीडिया और एआई के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तकनीक सुविधाजनक जरूर है, लेकिन इसका संतुलित उपयोग जरूरी है। अत्यधिक उपयोग से आत्ममंथन और रचनात्मकता प्रभावित हो सकती है।
राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने राज्यपाल के चाम्पा आगमन को गांव के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने अपने स्कूली दिनों को याद करते हुए कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों में समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने छात्रों से असफलताओं से न घबराने और निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

इस अवसर पर राज्यपाल श्री डेका ने अपनी स्वर्गीय माता चम्पावती डेका की स्मृति में स्कूल परिसर में अमलताश का पौधा लगाया। राजस्व मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया।
कार्यक्रम में ‘बिहान’ योजना की आजीविका दीदियों द्वारा लगाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी का राज्यपाल ने अवलोकन किया। दीदियों ने उन्हें धान और चावल के बीजों से निर्मित हस्तनिर्मित राखी बांधी, जिसकी राज्यपाल ने सराहना की।

समारोह में शिक्षक एवं शिक्षाविद् श्री एस.एम. पाध्ये, डॉ. निशा झा, डॉ. डी.एन. राय और श्री भूषण धुरंधर सहित प्रतिभावान विद्यार्थियों जिज्ञासु वर्मा, साक्षी वर्मा, अमित कुमार टंडन तथा पीएटी चयनित प्रवीण डहरिया, ममता साहू और मयंक वर्मा को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
