रायपुर, 26 अगस्त 2026
कांकेर जिले के नरहरपुर विकासखंड के ग्राम पुरियारा की श्रीमती कविता निषाद के लिए पहले रोजमर्रा के घरेलू कामों के साथ पानी की व्यवस्था करना भी बड़ी चुनौती थी। घर से दूर स्थित हैंडपंप से पानी लाने में काफी समय और मेहनत लगती थी। विशेषकर महिलाओं को परिवार की जरूरत के लिए बार-बार पानी भरने जाना पड़ता था।
जल जीवन मिशन के तहत घर तक नल कनेक्शन पहुंचने और नियमित पेयजल की सुविधा मिलने से कविता निषाद की वर्षों पुरानी परेशानी दूर हो गई है। अब उन्हें पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ता और घर पर ही जरूरत के अनुसार पानी उपलब्ध हो जाता है। इससे समय और श्रम की बचत होने के साथ उनका दैनिक जीवन भी आसान हुआ है।
श्रीमती कविता निषाद ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पहले पीने के पानी के लिए दूर हैंडपंप जाना पड़ता था, लेकिन अब जल जीवन मिशन के तहत घर में ही नियमित पानी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पानी की सुविधा मिलने से परिवार की बड़ी परेशानी दूर हो गई है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा, “विष्णु भैया को मैं दिल से धन्यवाद देती हूं।”
जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों तक घरेलू नल कनेक्शन पहुंचने से महिलाओं के समय और श्रम की बचत हो रही है। घर पर सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता ग्रामीण परिवारों के जीवन में सुविधा और बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव ला रही है।
