बैकयार्ड कुक्कुट पालन योजना के तहत हितग्राहियों को निःशुल्क चूजे और दाना वितरित
रायपुर, 22 अगस्त 2026
सुकमा जिले के ग्रामीण परिवारों को घर से ही आय का साधन उपलब्ध कराने की दिशा में पशुधन विकास विभाग की पहल से कुक्कुट पालन को बढ़ावा मिल रहा है। बैकयार्ड कुक्कुट पालन योजना के तहत ग्रामीणों को उन्नत नस्ल के चूजे और दाना उपलब्ध कराकर उन्हें छोटे स्तर पर व्यवसाय शुरू करने का अवसर दिया जा रहा है।
इसी क्रम में कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन और पशुधन विकास विभाग के उपसंचालक डॉ. संदीप इंदुरकर के मार्गदर्शन में गादीरास क्षेत्र के मनकापाल, नागलगुंडा, सोनाकूकानार, डोडपाल, कोर्रा और गादीरास गांवों में हितग्राहियों को कुक्कुट इकाई प्रदान की गई। प्रत्येक हितग्राही को 45 चूजे और 10 किलोग्राम दाना निःशुल्क दिया गया। वितरण के दौरान महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य भी मौजूद रहीं।
सरकार की इस पहल से ग्रामीण परिवारों को बिना बड़ी पूंजी लगाए घर से कुक्कुट पालन शुरू करने का अवसर मिला है। चूजों के बड़े होने के बाद अंडे और मुर्गियों की बिक्री से परिवार अतिरिक्त आमदनी अर्जित कर सकेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
विभाग की ओर से केवल चूजे और दाना ही नहीं दिया जा रहा, बल्कि हितग्राहियों को उनके पालन-पोषण, भोजन, स्वास्थ्य देखभाल और आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी जा रही है। प्रशिक्षण और मार्गदर्शन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हितग्राही कुक्कुट पालन को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाकर लंबे समय तक इसका लाभ उठा सकें।
ग्रामीण परिस्थितियों के अनुरूप स्वरोजगार के अवसर तैयार करने की दिशा में यह पहल महिलाओं और परिवारों के लिए आय का अतिरिक्त साधन विकसित करने में मददगार साबित हो सकती है। पशुधन विकास विभाग द्वारा गांवों में कुक्कुट पालन को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
चूजा वितरण कार्यक्रम को सफल बनाने में पशु चिकित्सालय सुकमा, गादीरास और मोबाइल वेटरनरी यूनिट की टीम का सहयोग रहा।
