सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा अभियान, पात्र ग्रामीणों को मिलेगा निःशुल्क स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ
रायपुर, 22 अगस्त 2026
सुकमा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र परिवारों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए 24 अगस्त को छिंदगढ़ विकासखंड में मेगा आयुष्मान कैंप आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन में होने वाले इस अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। अभियान के दौरान 30 गांवों में 186 टीमें तैनात रहेंगी और ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।
ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कैंप सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संचालित होंगे। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोग भी अपनी सुविधा के अनुसार निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर आयुष्मान कार्ड बनवा सकेंगे। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था से जोड़ना है।
छिंदगढ़ विकासखंड के कुन्ना, मिचवार, डब्बा, पुसगुन्ना, कुंदनपाल, पालेम, पेरमारास, कावराकोपा, चिड़पाल, कंकेपाल, टाहकवाड़ा, चियुरवाड़ा, टोंगरास, बोदरास, पेदारास, कुकानार, सौतनार, कोकावाड़ा, गुम्मा, नेतानार, तालनार, गंजेनार, कवासीरास, उरमापाल, गुड़रा, मेखावाया, चिपुरपाल और केरातोंग सहित 30 गांवों में कैंप लगाए जाएंगे।
आयुष्मान कार्ड पात्र परिवारों के लिए उपचार के समय महत्वपूर्ण सहारा साबित होता है। इसके माध्यम से शासन की स्वास्थ्य योजनाओं के तहत निर्धारित अस्पतालों में निःशुल्क उपचार की सुविधा प्राप्त की जा सकती है। ऐसे में प्रशासन की कोशिश है कि जिले का कोई भी पात्र परिवार कार्ड के अभाव में स्वास्थ्य सुविधा से वंचित न रहे।
जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे 24 अगस्त को अपने नजदीकी कैंप में पहुंचकर आयुष्मान कार्ड बनवाएं और शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करें। यह अभियान विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
