रायपुर, 21 अगस्त 2026
महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता प्रदेश की महिलाओं के लिए घरेलू जरूरतों और आर्थिक आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बन रही है। रक्षाबंधन से पहले योजना की 30वीं किस्त मिलने से महिलाओं की त्योहार की तैयारियां भी आसान हुई हैं। रायगढ़ की श्रीमती वृंदावती सिदार और बिलासपुर की श्रीमती सोनम साहू ने बताया कि योजना की राशि से उन्हें परिवार की जरूरतों के साथ रक्षाबंधन की तैयारियों में भी मदद मिली है।
रायगढ़ की वृंदावती सिदार के लिए महतारी वंदन की 30वीं किस्त इस बार खास रही। उन्होंने बताया कि योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग वह बच्चों की पढ़ाई, दवाइयों और घर-गृहस्थी की जरूरतों में करती हैं। रक्षाबंधन से पहले मिली किस्त से उन्होंने अपने भाइयों के लिए राखियां खरीदीं। उनका कहना है कि भाई की कलाई पर राखी बांधते समय इस सहायता से मिले आर्थिक संबल और आत्मविश्वास का एहसास भी उनके साथ रहेगा।
बिलासपुर की सोनम साहू ने भी बताया कि 30वीं किस्त रक्षाबंधन से पहले उनके लिए खुशी लेकर आई। प्राप्त राशि से उन्होंने भाई के लिए राखी खरीदने के साथ त्योहार की अन्य तैयारियां करने की योजना बनाई। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि त्योहार से पहले खाते में राशि पहुंचना उनके लिए विशेष खुशी का अवसर है।
महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित सहायता का उपयोग प्रदेश की अनेक महिलाएं अपनी और परिवार की छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने में कर रही हैं। इससे उन्हें घरेलू खर्चों में अपनी भूमिका निभाने के साथ जरूरत के समय आर्थिक निर्णय लेने का आत्मविश्वास भी मिल रहा है।
वृंदावती सिदार और सोनम साहू का कहना है कि महतारी वंदन योजना उनके लिए केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सम्मान, आत्मनिर्भरता और परिवार की जिम्मेदारियों में भागीदारी का माध्यम भी बनी है। रक्षाबंधन से पहले मिली 30वीं किस्त ने भाई-बहन के स्नेह के इस पर्व की खुशियों को और बढ़ा दिया है।
