रायपुर, 21 अगस्त 2026
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने रेत और मिट्टी के अवैध परिवहन में लगे चार ट्रैक्टरों को जब्त किया है। राज्य शासन के निर्देश पर जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी की जा रही है।
जांच के दौरान सिलपहरी क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते तीन ट्रैक्टर पकड़े गए। वहीं ज्योतिपुर तिराहा में मिट्टी के अवैध परिवहन के मामले में एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। कार्रवाई के बाद तीन वाहनों को थाना अमरपुर और एक वाहन को नगर सैनिक परिसर में सुरक्षित रखा गया है।

खनिज विभाग द्वारा जब्त वाहनों से जुड़े दस्तावेजों और प्रकरणों की जांच की जा रही है। संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों में जांच और निगरानी को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि खनिज संपदा का संरक्षण करने के साथ शासन के राजस्व की भी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
खनिज विभाग ने नागरिकों और खनिज परिवहन से जुड़े लोगों से अपील की है कि वे सभी आवश्यक अनुमति और दस्तावेजों के साथ ही खनिजों का परिवहन करें। अवैध गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
