रायपुर, 21 अगस्त 2026
पावन श्रावण मास में भगवान भोलेनाथ की भक्ति में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। इसी क्रम में रामगढ़ से कैलाश गुफा की ओर कांवड़ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं का छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कांवड़ यात्रियों से मुलाकात कर उनकी यात्रा की जानकारी ली और सभी श्रद्धालुओं को सुखद, सुरक्षित एवं सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, भक्ति, तपस्या और समर्पण का प्रतीक है। भगवान शिव के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास इस यात्रा में स्पष्ट दिखाई देता है। लंबी दूरी और कठिन परिस्थितियों के बावजूद कांवड़ यात्री पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ अपनी यात्रा पूरी करते हैं।
उन्होंने कहा कि धार्मिक यात्राएं समाज में भाईचारे, सेवा, सद्भाव और एकजुटता की भावना को मजबूत करती हैं। कांवड़ यात्रियों की सेवा करना और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी भगवान शिव की भक्ति का एक रूप है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुखद एवं सफल होने तथा उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना की।

रामगढ़ से कैलाश गुफा की ओर बढ़ रहे कांवड़ यात्रियों में भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला। यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के स्वागत, सेवा और सत्कार से भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
मंत्री श्री अग्रवाल ने कांवड़ यात्रियों से यात्रा के दौरान सावधानी और अनुशासन बनाए रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखने और अन्य यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखने का आग्रह किया।
इस दौरान पूरा वातावरण ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से गूंजता रहा। कांवड़ यात्रियों ने आत्मीय स्वागत और शुभकामनाओं के लिए मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया।
