रायपुर, 21 अगस्त 2026
जशपुर जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिले के दो प्रमुख मार्गों के मजबूतीकरण एवं उन्नयन के लिए 12 करोड़ 63 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इन कार्यों के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा।
स्वीकृत कार्यों में शिवपुर से पत्थलगांव मार्ग के 9 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण के लिए 5 करोड़ 1 लाख रुपये तथा दुलदुला से चटकपुर-लोटापानी मार्ग, कुनकुरी के 18.6 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण के लिए 7 करोड़ 62 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इन दोनों मार्गों के सुदृढ़ीकरण से बड़ी संख्या में ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज जाने, मरीजों को स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचने तथा आम नागरिकों को आवश्यक सेवाओं के लिए आवागमन में सुविधा होगी। बेहतर सड़क संपर्क से यात्रा का समय कम होने के साथ ही दूरस्थ गांवों की मुख्य मार्गों और बाजारों से कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।
जशपुर जिले में ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण, उन्नयन और सुदृढ़ीकरण के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। मजबूत सड़क नेटवर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और व्यापार जैसी गतिविधियों को भी गति मिलेगी। साथ ही शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ दूरस्थ क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद मिलेगी।
इन दोनों महत्वपूर्ण मार्गों के लिए स्वीकृत राशि पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़कों के बेहतर होने से लंबे समय से आवागमन में आ रही परेशानियां दूर होंगी और गांवों को बाजार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
