मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और नालंदा परिसर के निर्माण में तेजी के निर्देश; बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत पर जोर
रायपुर, 20 अगस्त 2026।
वित्त मंत्री एवं जांजगीर-चांपा जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने आज जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित योजनाओं, विकास कार्यों और निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं।
मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहकर लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता से समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही भ्रष्टाचार या लापरवाही की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
मेडिकल कॉलेज और नालंदा परिसर के काम में तेजी
बैठक में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, नालंदा परिसर सहित अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा किया जाए। निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने और जिले की प्राथमिकता वाले विकास कार्यों के प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश भी दिए गए।
बिजली व्यवस्था और सड़कों की मरम्मत पर नाराजगी
बारिश के दौरान बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर मंत्री श्री चौधरी ने नाराजगी जताई। उन्होंने विद्युत व्यवस्था सुचारू रखने और खराबी आने पर तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।
बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों की प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र मरम्मत कराने को कहा, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
राजस्व मामलों का समय-सीमा में करें निराकरण
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों से जुड़े राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए।

विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आवश्यक रूप से आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए गए।
पीएम सूर्यघर और पीएम आवास योजना की समीक्षा
मंत्री श्री चौधरी ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ने और गुणवत्तापूर्ण सोलर पैनल स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान हितग्राहियों को किस्त जारी करने में अनावश्यक देरी नहीं करने और योजना के क्रियान्वयन में हितग्राहियों को परेशानी से बचाने के निर्देश दिए गए।
महतारी वंदन के शेष हितग्राहियों की ई-केवाईसी जल्द कराने के निर्देश
महतारी वंदन योजना की समीक्षा करते हुए मंत्री ने शेष हितग्राहियों की ई-केवाईसी के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। वहीं, वीबी-जी राम जी योजना के तहत निर्माणाधीन और मरम्मत किए जा रहे आंगनबाड़ी केंद्रों के कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा कराने को कहा।
किसानों को आधुनिक कृषि के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर
उद्यानिकी विभाग की समीक्षा में किसानों को फल एवं सब्जी उत्पादन तथा उद्यानिकी फसलों के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग से खाद और बीज की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को लेकर किसानों में जागरूकता बढ़ाने को कहा।
अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर होगी सख्ती
मंत्री श्री चौधरी ने जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ प्रभावी निगरानी और नियमानुसार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में ई-ऑफिस, ई-अटेंडेंस और कानून-व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
उन्होंने अधिकारियों को शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पात्र नागरिकों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
