गणवेश, मेस संचालन और भोजन व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश
छत्तीसगढ़ में संचालित हैं 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय
राष्ट्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रदेश ने हासिल किया दूसरा स्थान, 55 स्वर्ण सहित जीते 126 पदक
रायपुर, 20 अगस्त 2026।
आदिम जाति विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम की अध्यक्षता में आज नवा रायपुर स्थित टीआरटीआई के सभाकक्ष में आदिम जाति कल्याण आवासीय एवं आश्रम शैक्षणिक संस्थान समिति के संचालक मंडल की बैठक आयोजित हुई। बैठक में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के संचालन, विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
गणवेश और भोजन व्यवस्था में एकरूपता पर जोर
मंत्री श्री नेताम ने एकलव्य विद्यालयों में गणवेश, मेस संचालन, भोजन व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं में एकरूपता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक में नेस्ट्स एवं राज्य सरकार के भर्ती नियमों के अनुरूप आवश्यक योग्यता रखने वाले एकलव्य विद्यालयों के पूर्व अतिथि शिक्षकों को पुनः अवसर प्रदान करने के विषय पर भी सहमति बनी।

प्रदेश में 75 एकलव्य विद्यालय संचालित
बैठक में जानकारी दी गई कि छत्तीसगढ़ में वर्तमान में 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल एवं अन्य गतिविधियों के लिए भी अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का शानदार प्रदर्शन
एकलव्य विद्यालयों की चतुर्थ राष्ट्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रदेश के विद्यार्थियों की उपलब्धियों की भी जानकारी बैठक में दी गई। नवंबर 2025 में ओडिशा के सुंदरगढ़ में आयोजित प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 466 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था।
प्रदेश ने प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल करते हुए कुल 126 पदक जीते, जिनमें 55 स्वर्ण पदक शामिल रहे। मंत्री श्री नेताम ने इस उपलब्धि के लिए विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों की सराहना की।
‘गुमनाम जननायक’ पुस्तक का विमोचन
बैठक के दौरान मंत्री श्री नेताम ने टीआरटीआई द्वारा प्रकाशित ‘गुमनाम जननायक’ पुस्तक का विमोचन भी किया। उन्होंने शहीद वीरनारायण सिंह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सह स्मारक में दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्यरत सुश्री अंबिका ध्रुव के नगर सैनिक के पद पर चयनित होने पर उनका सम्मान किया।
इस अवसर पर विभाग के सचिव श्री भुवनेश यादव, आयुक्त श्री राहुल वेंकट, टीआरटीआई की संचालक श्रीमती हिना अनिमेष नेताम, संचालक मंडल के सदस्य एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
