530 गांवों में पहुंचा ‘हर घर जल’, 85 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण आबादी को नल कनेक्शन से मिल रहा शुद्ध पेयजल
चार बड़ी बहुग्रामीय जल प्रदाय योजनाओं से 219 गांवों को मिलेगा लाभ
रायपुर, 20 अगस्त 2026।
छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक शुद्ध, सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल पहुंचाने की दिशा में धमतरी जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन में जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। जिले के कुल 622 गांवों में से करीब 530 गांवों में ‘हर घर जल’ का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही 85 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण आबादी को नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध हो रहा है।

चार बड़ी योजनाओं से 219 गांवों को मिलेगा लाभ
गर्मी के दिनों में होने वाले पेयजल संकट और भू-जल स्तर में गिरावट की समस्या से निपटने के लिए जिले में चार बड़ी बहुग्रामीय जल प्रदाय योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। इन योजनाओं से कुल 219 गांव लाभान्वित होंगे।
- सिर्री बहुग्रामीय योजना, कुरूद – 84 गांव
- मेघा योजना, मगरलोड – 59 गांव
- सांकरा योजना, नगरी – 40 गांव
- घटुला योजना, नगरी – 36 गांव
इन योजनाओं के तहत स्थायी जल स्रोतों से पाइपलाइन नेटवर्क विकसित कर संबंधित गांवों में नियमित और विश्वसनीय जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

महिलाओं और बच्चों को मिली बड़ी राहत
हर घर नल कनेक्शन की सुविधा ने ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। दूर-दराज के हैंडपंप और कुओं से पानी लाने तथा सिर पर मटके ढोने की महिलाओं की मजबूरी कम हुई है। इससे उनका समय और श्रम बच रहा है, जिसका उपयोग वे आजीविका, स्वरोजगार और परिवार की देखभाल में कर पा रही हैं।
वहीं बच्चों को भी पानी जुटाने की जिम्मेदारी से राहत मिली है। अब वे अपने समय का बेहतर उपयोग पढ़ाई और खेल-कूद में कर पा रहे हैं।
सामूहिक प्रयास से शत-प्रतिशत ‘हर घर जल’ का लक्ष्य
कलेक्टर ने जिले की इस उपलब्धि को मैदानी अमले, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाना नहीं, बल्कि जल सुरक्षा के माध्यम से ग्रामीणों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार लाना है।
शेष गांवों को भी जल्द से जल्द ‘हर घर जल’ से जोड़ने और गुणवत्तापूर्ण पेयजल की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य धमतरी को जल्द शत-प्रतिशत नल-जल युक्त जिला बनाना है।
