शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना के लिए 9.03 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति
धरमजयगढ़ के डाइट में छात्रावास, सम्मेलन कक्ष सहित निर्माण कार्यों के लिए 8.73 करोड़ रुपये मंजूर
पीएचसी छाल को मिलेगी बीएलएस एम्बुलेंस की सुविधा
रायपुर, 20 अगस्त 2026।
खनन प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने की दिशा में रायगढ़ जिले में जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) मद से विभिन्न कार्यों के लिए 9 करोड़ 3 लाख 66 हजार 149 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत अधोसंरचना को प्राथमिकता देते हुए ये कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों तथा कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में स्वीकृत इन कार्यों से जिले के खनन प्रभावित क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
डाइट धरमजयगढ़ में मजबूत होगी अधोसंरचना
डीएमएफ मद से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), धरमजयगढ़ में विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए 8 करोड़ 73 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इस राशि से पुरुष एवं महिला छात्रावास भवन, सम्मेलन कक्ष, शौचालय खंड के निर्माण के साथ पुराने भवन की मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कराया जाएगा। इन सुविधाओं के विकसित होने से प्रशिक्षणार्थियों को बेहतर आवासीय एवं शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा और संस्थान की अधोसंरचना भी मजबूत होगी।
कुडुमकेला हाईस्कूल में बनेगा प्रार्थना शेड
घरघोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कुडुमकेला स्थित हाईस्कूल में विद्यार्थियों की सामूहिक गतिविधियों और प्रार्थना कार्यक्रमों के लिए 5 लाख रुपये की लागत से प्रार्थना शेड का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए डीएमएफ मद से प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
पीएचसी छाल को मिलेगी बीएलएस एम्बुलेंस
ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छाल के लिए एक बीएलएस एम्बुलेंस खरीदने हेतु 25 लाख 66 हजार 149 रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
एम्बुलेंस उपलब्ध होने से गंभीर मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर समय पर उच्च स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और बेहतर होने की उम्मीद है।
खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास को मिलेगा लाभ
डीएमएफ मद से स्वीकृत इन कार्यों से रायगढ़ जिले के खनन प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी। स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किए जा रहे ये कार्य क्षेत्र के संतुलित विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
