रायपुर, 19 अगस्त 2026
भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी श्री सोनमणि बोरा ने आज प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन का कार्यभार ग्रहण किया। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 18 अगस्त 2026 को जारी आदेश के तहत उन्हें इस पद पर पदस्थ किया गया है। वे इससे पहले आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के प्रमुख सचिव का दायित्व संभाल रहे थे। साथ ही विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी उनके पास था।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद श्री बोरा ने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं, कार्यक्रमों और विभिन्न कार्यों की जानकारी ली। अधिकारियों ने उनका स्वागत करते हुए विभागीय गतिविधियों से अवगत कराया।
श्री बोरा का नगरीय प्रशासन और विकास के क्षेत्र में लंबा प्रशासनिक अनुभव रहा है। वे रायपुर नगर पालिक निगम, रायपुर विकास प्राधिकरण और बिलासपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी रह चुके हैं। उनके कार्यकाल में सफाई मित्र योजना, बूढ़ातालाब सहित अन्य तालाबों के संवर्धन एवं पुनरोद्धार, महादेव घाट में मूर्ति विसर्जन स्थल का विकास तथा नगरीय विद्यालयों के कायाकल्प जैसे कार्य किए गए। रायपुर नगर निगम में जन्म एवं मृत्यु पंजीयन को ऑनलाइन करने और लेखा कार्यों को सॉफ्टवेयर आधारित बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल हुई।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के माध्यम से नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और शहरी विकास से जुड़ी योजनाओं का संचालन किया जाता है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद श्री बोरा ने अधिकारियों से कहा कि जनता से जुड़े कार्यक्रमों और मूलभूत सुविधाओं से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाए।
