परिवहन आरक्षकों के 50 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया बढ़ी आगे
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सशक्त नेतृत्व और संवेदनशील पहल से युवाओं को रोजगार के अवसर
रायपुर, 19 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में परिवहन विभाग में परिवहन आरक्षकों के 50 पदों पर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है। परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
अपर परिवहन आयुक्त श्री डी. रविशंकर ने बताया कि परिवहन आरक्षक के 50 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 19 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी। व्यापमं से प्राप्त परीक्षा परिणाम और अभ्यर्थियों की पात्रता के आधार पर कुल 250 अभ्यर्थियों को भर्ती के अगले चरण के लिए चिन्हित किया गया है।
चिन्हित अभ्यर्थियों का शारीरिक मापदंड परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों की सूची और बुलावा पत्र परिवहन विभाग की वेबसाइट तथा कार्यालय परिवहन आयुक्त के सूचना पटल पर उपलब्ध हैं।
इस भर्ती प्रक्रिया से परिवहन विभाग में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। राज्य सरकार युवाओं की प्रतिभा को अवसर देने और उन्हें रोजगार से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
