बलरामपुर, 19 अगस्त 2026। समाज कल्याण विभाग की त्वरित पहल से ग्राम तुर्रीडीह निवासी 70 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांग अशोक सिंह को आवेदन करने के दिन ही ट्राईसायकल उपलब्ध करा दी गई। इससे अब उनके लिए दैनिक आवागमन पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है।
चलने-फिरने में कठिनाई के कारण अशोक सिंह को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने में काफी परेशानी होती थी। अपनी आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने ट्राईसायकल उपलब्ध कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था।
आवेदन की जानकारी कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के संज्ञान में आते ही तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निर्देशों के अनुपालन में आवेदन की तिथि को ही अशोक सिंह को ट्राईसायकल प्रदान कर दी गई।
सहायक उपकरण मिलने के बाद अशोक सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार जताया। ट्राईसायकल मिलने से अब वे अपने दैनिक आवश्यक कार्यों के लिए अधिक सुगमता से आवागमन कर सकेंगे।
दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर और सुगम जीवन की दिशा में सहयोग दिया जा रहा है। अशोक सिंह को तत्काल ट्राईसायकल उपलब्ध कराया जाना प्रशासन की संवेदनशीलता और त्वरित सेवा का उदाहरण है।
