प्रधानमंत्री आवास योजना ने अशक्का यालम को दिया सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन
रायपुर, 19 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल और वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना ने बीजापुर जिले के भोपालपटनम नगरीय क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-03 निवासी अशक्का यालम पति श्री यालम चन्द्रैया के जीवन में भी नई खुशियां लाई हैं। वर्षों तक कच्चे मकान में रहने के बाद अब उनका पक्के मकान का सपना साकार हो गया है।

आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण अशक्का यालम अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में रहती थीं। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने सहित कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे स्वयं पक्का मकान बना सकें।
वर्ष 2017 में नगर पंचायत भोपालपटनम के अधिकारियों और प्रधानमंत्री आवास योजना की टीम ने उन्हें योजना के बीएलसी घटक अंतर्गत ‘मोर जमीन मोर मकान’ योजना की जानकारी दी। इसके बाद उनका आवेदन तैयार कर शासन को भेजा गया और आवास निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान की गई।
आर्थिक कठिनाइयों के कारण कुछ समय तक आवास निर्माण शुरू नहीं हो सका। इसके बाद नगर पंचायत के अधिकारियों ने उन्हें आवास निर्माण के लिए प्रेरित किया और स्थानीय राजमिस्त्री एवं श्रमिकों से संपर्क कराने में सहयोग किया। इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे अपने पक्के मकान का निर्माण पूरा किया।
आज अशक्का यालम अपने पक्के मकान में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रही हैं। उनका कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनका अपना पक्का घर होगा, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके सपने को हकीकत में बदल दिया। उन्होंने अपने पक्के आवास के लिए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, मंत्री श्री केदार कश्यप और स्थानीय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
