रक्षाबंधन से पहले खाते में पहुंची ₹1,000 की राशि, इंदरानी बोलीं—‘विष्णु भइया ने तिहार से पहले दिया उपहार’
रायपुर, 11 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के पर्व से पहले कबीरधाम जिले की महिलाओं के खातों में पहुंची महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त ने त्योहार की खुशियों को और बढ़ा दिया है। ग्राम राजानवागांव की रहने वाली इंदरानी मरकाम के खाते में भी योजना की ₹1,000 की राशि पहुंची, जिससे उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।
इंदरानी मरकाम मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को आत्मीयता से ‘विष्णु भइया’ कहती हैं। 30वीं किस्त मिलने पर उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन तिहार से पहले ही खाते में राशि पहुंचना उनके लिए किसी उपहार से कम नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया।
छोटी जरूरतों के लिए बनी बड़ी मदद
इंदरानी के लिए महतारी वंदन योजना की यह राशि केवल ₹1,000 नहीं, बल्कि आर्थिक आत्मनिर्भरता और भरोसे का माध्यम है। उनका कहना है कि घर का जरूरी सामान खरीदना हो, बच्चों की छोटी जरूरतें पूरी करनी हों या अचानक कोई घरेलू खर्च सामने आ जाए, योजना से मिलने वाली राशि काफी मददगार साबित होती है।
पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी दूसरों से पैसे मांगने की मजबूरी रहती थी। अब हर महीने खाते में राशि आने से उन्हें अपने जरूरी खर्च पूरे करने में सहूलियत मिलती है।
हर महीना बन रहा तिहार जैसा
रक्षाबंधन से ठीक पहले किस्त मिलने से इंदरानी की खुशी और बढ़ गई है। उनका कहना है कि अब किसी खास दिन या त्योहार का इंतजार नहीं करना पड़ता। जरूरत के समय खाते में आई राशि का उपयोग किया जा सकता है।
महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने ₹1,000 की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जाती है। नियमित आर्थिक सहयोग से महिलाएं अपनी व्यक्तिगत जरूरतों के साथ-साथ परिवार की आवश्यकताओं में भी योगदान दे रही हैं।
इंदरानी की कहानी बताती है कि नियमित आर्थिक सहायता महिलाओं के लिए केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि अपने छोटे-बड़े फैसले खुद लेने और सम्मान के साथ जीवन जीने का भरोसा भी बन रही है।
रक्षाबंधन से पहले मिली 30वीं किस्त ने इंदरानी के लिए इस बार के तिहार को और खास बना दिया है। उनके शब्दों में, अब हर महीना ही तिहार जैसा लगता है।
