रायपुर। जिले के सभी आदि सेवा केंद्रों में 13 से 15 अगस्त 2026 तक जनसुनवाई, जन शिकायत निवारण एवं लाभार्थी संतृप्ति शिविर आयोजित किए जाएंगे। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले ये शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेंगे।
शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित निराकरण करना तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिलाना है।
शिकायतों के निराकरण के साथ होगा हितग्राहियों का पंजीयन
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे ने सभी आदि सेवा केंद्रों में शिविरों के व्यवस्थित आयोजन के निर्देश दिए हैं। संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की शिविरों में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
शिविरों में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण, पात्र हितग्राहियों का पंजीयन, आवेदन प्राप्त करने और विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभ दिलाने की कार्रवाई प्राथमिकता से की जाएगी। हितग्राहियों को विभागीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविरों में मूलभूत सुविधाओं की रहेगी व्यवस्था
सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को अपने-अपने विकासखंडों में संचालित आदि सेवा केंद्रों में शिविरों की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिविर स्थल पर पेयजल, बैठक व्यवस्था, विद्युत, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से शिविरों का संचालन करेंगे।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अपने-अपने क्षेत्रों में शिविरों का पर्यवेक्षण करेंगे, जबकि जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दैनिक अनुश्रवण के साथ निर्धारित पोर्टल पर आवश्यक जानकारी समय-सीमा में अपलोड कराना सुनिश्चित करेंगे।
इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन का फोकस एक ही स्थान पर लोगों की शिकायतों का समाधान करने और पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर रहेगा।
