15 अगस्त को रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे ध्वजारोहण, प्रदेशभर में तय हुए मुख्य अतिथि
बिलासपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, दुर्ग में अरुण साव और बस्तर में विजय शर्मा फहराएंगे तिरंगा
रायपुर, 09 अगस्त 2026। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में जिला मुख्यालयों पर आयोजित होने वाले समारोहों के लिए मुख्य अतिथियों की घोषणा कर दी गई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के पुलिस मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे।
वहीं बिलासपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, दुर्ग में उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव और बस्तर में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा मुख्य समारोह में ध्वजारोहण करेंगे।
इन जिलों में मंत्री फहराएंगे तिरंगा
सामान्य प्रशासन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वतंत्रता दिवस पर विभिन्न जिला मुख्यालयों में मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधि ध्वजारोहण करेंगे।
- राजनांदगांव — विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह
- सरगुजा — आदिम जाति विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम
- महासमुंद — खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल
- दंतेवाड़ा — वन मंत्री श्री केदार कश्यप
- कबीरधाम — उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन
- मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर — स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल
- रायगढ़ — वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी
- कांकेर — राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा
- सूरजपुर — महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े
- जांजगीर-चांपा — कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब
- जशपुर — पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल
- बालोद — स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव
सांसद भी करेंगे ध्वजारोहण
कुछ जिलों में सांसदों को स्वतंत्रता दिवस समारोह का मुख्य अतिथि बनाया गया है।
- बलौदाबाजार — सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल
- बेमेतरा — सांसद श्री विजय बघेल
- खैरागढ़-छुईखदान-गंडई — सांसद श्री संतोष पांडेय
- कोंडागांव — सांसद श्री भोजराज नाग
- बलरामपुर — सांसद श्री चिंतामणि महाराज
- सारंगढ़-बिलाईगढ़ — सांसद श्री राधेश्याम राठिया
- गरियाबंद — सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी
- सक्ती — सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े
- बीजापुर — सांसद श्री महेश कश्यप
- सुकमा — राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह
- मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी — राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा
विधायक भी संभालेंगे स्वतंत्रता दिवस समारोह की कमान
कोरबा में विधायक श्री अमर अग्रवाल, धमतरी में विधायक श्री अजय चंद्राकर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में विधायक श्री धरमजीत सिंह, मुंगेली में विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, कोरिया में विधायक श्री भैय्या लाल राजवाड़े और नारायणपुर में विधायक सुश्री लता उसेंडी ध्वजारोहण करेंगी।
मुख्यमंत्री के संदेश का होगा वाचन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित मुख्य समारोह में संबंधित मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के संदेश का जनता के नाम वाचन करेंगे।
राजधानी रायपुर में होने वाला राज्य स्तरीय समारोह प्रदेश के स्वतंत्रता दिवस समारोह का मुख्य केंद्र रहेगा, जहां मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ परेड की सलामी लेंगे।
