कबीरधाम के नेउर गांव की किरण, ज्योति और सुमन ने हासिल की सफलता, ऑनलाइन पढ़ाई कर तीनों ने किया मेडिकल प्रवेश का सपना पूरा
रायपुर, 09 अगस्त 2026। कबीरधाम जिले के नेउर गांव की तीन बहनों ने एक साथ NEET परीक्षा पास कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। किरण, ज्योति और सुमन महोबिया ने इस वर्ष मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल की। तीनों की इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने नेउर गांव पहुंचकर उनके घर पर मुलाकात की और उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री ने छात्राओं की माता श्रीमती भगवती महोबिया, पिता श्री राम महोबिया और अन्य परिजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार की तीन बहनों का एक साथ मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफल होना पूरे परिवार के साथ-साथ क्षेत्र और जिले के विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी उदाहरण है।
सीमित संसाधनों में घर से की NEET की तैयारी
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि एक ही घर में रहकर तीन बहनों का एक साथ NEET जैसी कठिन परीक्षा की तैयारी करना और सफलता हासिल करना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि नियमित मेहनत, सही दिशा और दृढ़ संकल्प के साथ बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
तीनों बहनों ने घर पर रहकर ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से NEET की तैयारी की। पढ़ाई के दौरान उन्होंने एक-दूसरे का सहयोग किया और लगातार अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ती रहीं।
दो बहनों ने पहले ही प्रयास में पाई सफलता
तीनों बहनों की सफलता में एक खास बात यह भी है कि ज्योति और सुमन ने अपने पहले ही प्रयास में NEET परीक्षा उत्तीर्ण की। दोनों ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बोड़ला से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की है।
वहीं बड़ी बहन किरण महोबिया ने दूसरे प्रयास में सफलता हासिल की। उन्होंने सरस्वती शिशु मंदिर, पांडातराई से स्कूली शिक्षा पूरी की है।
उप मुख्यमंत्री ने जाना तैयारी का अनुभव
मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तीनों छात्राओं से उनकी स्कूली पढ़ाई, NEET की तैयारी और आगे होने वाली काउंसलिंग प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने छात्राओं को मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के बाद पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता और परिवार के सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करने की दी सीख
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉक्टर बनने के बाद अच्छे संस्थानों और अस्पतालों में काम कर अनुभव हासिल करना महत्वपूर्ण है। साथ ही उन्होंने छात्राओं से कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के साथ अपने क्षेत्र और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी बनाए रखें।
उन्होंने कहा कि अपनी शिक्षा और अनुभव का उपयोग जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए करने का प्रयास करें, ताकि उनकी सफलता का लाभ समाज और स्थानीय लोगों तक भी पहुंचे।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री विदेशी राम धुर्वे सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
