महीनों से अटका काम कुछ दिनों में हुआ पूरा, दफ्तरों के चक्कर लगाने से मिली राहत
रायपुर, 07 अगस्त 2026। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन 1076 लगातार लोगों के लिए मददगार साबित हो रही है। हेल्पलाइन के माध्यम से लंबे समय से अटके मामलों का समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है।
आधार कार्ड के लिए लंबे समय से परेशान थे केवल राम
राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम देवकट्टा निवासी श्री केवल राम अपने बेटे का आधार कार्ड बनवाने के लिए लंबे समय से प्रयास कर रहे थे। कई बार संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने के बावजूद जब समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही सक्रिय हुआ प्रशासन
शिकायत दर्ज होते ही संबंधित विभाग ने मामले पर कार्रवाई शुरू की। जिला ई-गवर्नेंस के मार्गदर्शन में डोंगरगढ़ नगरपालिका स्थित आधार सेवा केंद्र के माध्यम से आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई और प्रक्रिया पूरी कराई गई।
इसके बाद केवल राम के बेटे का आधार कार्ड बनकर तैयार हो गया।
समस्या का समाधान होने पर जताया आभार
समयबद्ध तरीके से समस्या का समाधान होने पर केवल राम ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से उन्हें बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
उन्होंने इस त्वरित और पारदर्शी व्यवस्था के लिए राज्य शासन और स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
24 घंटे दर्ज करा सकते हैं शिकायत
छत्तीसगढ़ में सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली के तहत नागरिक टोल-फ्री नंबर 1076, वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और व्हाट्सऐप सहित विभिन्न माध्यमों से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यह सेवा 24×7 उपलब्ध है।
शिकायतों की तकनीक आधारित मॉनिटरिंग के जरिए उनके निराकरण की प्रक्रिया पर नजर रखी जाती है। इससे प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने में मदद मिल रही है।
