मुंगेली के चिल्फी थाना क्षेत्र के सिलतरा गांव की घटना, जमीन विवाद में दोनों पक्षों पर काउंटर केस
मुंगेली। जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिलतरा में खेत जोतने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान सतनामी समाज के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता, मुंगेली के वरिष्ठ अधिवक्ता और कांग्रेस पार्टी के सचिव तोरन दास खांडे पर बरछी और अन्य धारदार हथियारों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल तोरन दास खांडे का बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उन्हें ICU में रखा गया है।
खेत की जुताई को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह उस समय हुई जब तोरन दास खांडे के बेटे दीपेंद्र खांडे अपने ट्रैक्टर से खेत की जुताई करने पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के राम जी बर्मन, रघु बर्मन, कला बर्मन और उनके परिवार के अन्य सदस्यों के वहां पहुंचने की बात सामने आई है।
खेत की जुताई को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद और कहासुनी हुई। इसके बाद दीपेंद्र खांडे ने अपने पिता तोरन दास खांडे को घटना की जानकारी दी।
समझाने पहुंचे पिता पर हमला करने का आरोप
बताया जा रहा है कि विवाद की जानकारी मिलने के बाद तोरन दास खांडे मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उन पर अचानक बरछी और अन्य धारदार हथियारों से हमला किए जाने का आरोप है।
हमले में तोरन दास खांडे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। घटना के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उन्हें बिलासपुर के विजय वंदना अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका ICU में इलाज जारी है।
घटना की जानकारी लेने मौके पर पहुंचे लोग
घटना की सूचना मिलने के बाद मामले की जानकारी जुटाई गई। घायल के बेटे दीपेंद्र खांडे से बातचीत में घटना की जानकारी सामने आई।
वहीं, चिल्फी थाना प्रभारी से फोन पर संपर्क कर घटना के संबंध में जानकारी ली गई। थाना प्रभारी के अनुसार मामला जमीन विवाद से जुड़ा है और इस मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ काउंटर केस दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस जांच के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर
फिलहाल मामले में दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। पुलिस घटना के वास्तविक कारणों, विवाद की परिस्थितियों और हमले में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
तोरन दास खांडे की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका ICU में उपचार जारी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
