मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने असम के CM हिमंत बिस्वा सरमा से फोन पर की बात, बोले- संकट की घड़ी में असम के साथ खड़ा है छत्तीसगढ़
रायपुर, 09 अगस्त 2026। असम में बाढ़ से बने गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने मानवीय संवेदना और अंतरराज्यीय सहयोग की मिसाल पेश की है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने असम के बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए राज्य सरकार की ओर से 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि देने का निर्णय लिया है।
यह राशि असम में जारी राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहयोग के लिए प्रदान की जाएगी।
असम के मुख्यमंत्री से फोन पर की चर्चा
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रविवार को असम के मुख्यमंत्री श्री हिमंत बिस्वा सरमा से दूरभाष पर चर्चा की और राज्य में बाढ़ से उत्पन्न परिस्थितियों की जानकारी ली।
इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने बाढ़ से प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
“असम के भाई-बहनों के साथ पूरी एकजुटता से खड़ा है छत्तीसगढ़”
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में छत्तीसगढ़ की जनता असम के अपने भाई-बहनों के साथ पूरी एकजुटता से खड़ी है।
उन्होंने कहा कि संकट के समय एक-दूसरे का सहयोग करना देश की संघीय भावना और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करता है। इसी भावना के तहत छत्तीसगढ़ सरकार ने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 5 करोड़ रुपये की सहायता देने का निर्णय लिया है।
राहत और पुनर्वास कार्यों में मिलेगी मदद
छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से दी जाने वाली सहायता राशि का उपयोग असम में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किया जाएगा। इससे आपदा प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने में सहयोग मिलेगा।
